गया। जिले के बांके बाजार थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक 52 वर्षीय कलयुगी चाचा ने अपनी ही 16 साल की नाबालिग भतीजी को बीते 5 महीनों से अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी ने डरा-धमकाकर पीड़िता का मुंह बंद रखा लेकिन जब वह गर्भवती हुई और उसके शरीर में शारीरिक बदलाव दिखने लगे तो राज खुलकर सामने आ गया।

​झाड़ू-पोछा के बहाने रची गई साजिश

​पीड़िता अक्सर अपने चाचा के घर झाड़ू-पोछा करने जाती थी। आरोपी घर में अकेला रहता था जिसका फायदा उठाकर उसने नाबालिग के साथ गलत हरकतें शुरू कर दीं। आरोपी ने डराया था कि यदि उसने किसी को कुछ बताया, तो परिणाम भुगतने होंगे। इसी खौफ के कारण पीड़िता चुप रही और दरिंदगी का सिलसिला चलता रहा।

​प्रेग्नेंसी के बाद खुला राज

​हाल ही में जब नाबालिग गर्भवती हुई तो उसके पेट के उभार को देखकर माता-पिता को संदेह हुआ। शुरुआत में पीड़िता डर के मारे कुछ नहीं बोल पाई लेकिन जब परिजनों ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी आपबीती बता दी। अपनी करतूत पकड़े जाने पर आरोपी चाचा ने परिवार पर गर्भपात (एबॉर्शन) कराने का दबाव भी बनाया जिसके बाद पिता ने सीधे थाने का रुख किया।

​पुलिस की कार्रवाई और मेडिकल जांच

​पीड़िता के पिता जो कि मजदूरी और एक छोटी परचून की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बांके बाजार पुलिस ने 16 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा है और अदालत में धारा 164 के तहत उसका बयान दर्ज कराया जाएगा ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।

​आक्रोश में ग्रामीण

​आरोपी के दो बेटे हैं जो सरकारी नौकरी में हैं जबकि वह स्वयं घर में अकेला रहता था। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। ग्रामीण और स्थानीय लोग आरोपी के लिए फांसी या कठोरतम सजा की मांग कर रहे हैं। इस जघन्य घटना ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।