सुमन चौहान, करनाल। जिला परिषद करनाल के रिक्त चेयरपर्सन पद के लिए शुक्रवार को विकास सदन में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कराया गया। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद मौके पर ही मतगणना कर परिणाम घोषित किया गया। वार्ड नंबर 2 की सदस्य गीता रानी ने 15 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि वार्ड नंबर 16 की सदस्य रीना को 9 वोट मिले।

ईवीएम से कराया गया मतदान

चेयरपर्सन पद के चुनाव में ईवीएम के माध्यम से मतदान कराया गया। मतदान शुरू होने से पहले दोनों प्रत्याशियों और उनके प्रस्तावकों की मौजूदगी में पोलिंग पार्टी ने मॉक पोल की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान शुरू कराया गया।

24 सदस्यों ने किया मतदान

जिला परिषद के कुल 25 सदस्यों में से 24 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की गई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने परिणाम घोषित करते हुए गीता रानी को विजयी घोषित किया।

अधिकारी रहे मौजूद

चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित कुमार, डिप्टी सीईओ रोजी, डीडीपीओ कंचनलता और जिला परिषद अधीक्षक उर्वशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m