ज्ञान भारद्वाज, गाजियाबाद. गोविंदपुरम स्थित बालाजी एन्क्लेव कॉलोनी में हो रहे अवैध निर्माण का वीडियो सामने आया है. वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह GDA के नियमों को ताक पर रखकर बिना नक्शा पास कराए 4-4 मंजिला इमारतें बनाई जा रही हैं. वीडियो वायरल होने के बाद कॉलोनी में हड़कंप मचा हुआ है.
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यह पूरा अवैध निर्माण सत्ता के रसूख और GDA के कुछ भ्रष्ट अधिकारियों के संरक्षण में हो रहा है. कॉलोनी में बिल्डर माफिया सक्रिय है जो सस्ते दामों पर जमीन लेकर अवैध कॉलोनी काट रहे हैं और कमजोर नींव पर इमारतें खड़ी कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : गाजियाबाद की बैग फैक्ट्री में भीषण आग, मचा हड़कंप, लाखों का सामान जलकर खाक
वीडियो में दिख रहा है कि किस तरह दिन-दहाड़े ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से अवैध निर्माण सामग्री लाई जा रही है और मजदूरों से निर्माण कराया जा रहा है. शिकायत करने पर बिल्डर निवासियों को धमकाते हैं. बिना बीम-कॉलम और बिना नक्शे के बन रही इन इमारतों की वजह से पूरे क्षेत्र में जान-माल का खतरा बना हुआ है. बरसात में इन कच्ची इमारतों के गिरने का डर सबसे ज्यादा है. बगल में रह रहे परिवारों की दीवारों में दरारें आनी शुरू हो गई हैं.
निवासियों ने की जांच की मांग
बालाजी एन्क्लेव के निवासियों ने वायरल वीडियो को सबूत के तौर पर जिलाधिकारी, GDA उपाध्यक्ष और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के साथ भेजा है. निवासियों की मांग है कि वीडियो की जांच कराकर अवैध निर्माण को तुरंत ध्वस्त किया जाए और संरक्षण दे रहे अधिकारियों और सत्ता से जुड़े लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए.



