ज्ञान भारद्वाज, गाजियाबाद. लोनी के टोनीका सिटी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक बैग बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. आग इतनी भयंकर थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं और आसपास के इलाके में धुएं का गुबार फैल गया.

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में रेक्सिन, फोम, कपड़ा और केमिकल रखा हुआ था, जिसकी वजह से आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें : कानपुर में गैस सिलेंडर से भरा ‘मौत का ट्रक’! दो युवकों को बेरहमी से रौंदा, राहगीरों ने 200 मीटर तक खदेड़कर ड्राइवर को ऐसे दबोचा

सूचना मिलते ही टोनीका सिटी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां घंटों मशक्कत करती रहीं. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का तैयार माल और कच्चा माल जलकर खाक हो चुका था.

गनीमत रही कि जिस समय आग लगी उस समय फैक्ट्री के अंदर कोई मजदूर मौजूद नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था. पुलिस ने आसपास की फैक्ट्रियों को खाली करा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.