गाजियाबाद. दिल्ली के एक अस्पताल में काम करने वाली 35 वर्षीय नर्स ने एक युवक पर कार में अगवा कर रेप करने, मारपीट और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो बनाए और उन्हें वॉट्सऐप ग्रुप में भेज दिया. उसने पुलिस पर FIR दर्ज नहीं करने और 1.50 लाख रुपये देकर मामला खत्म करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है.
इसे भी पढ़ें- PM मोदी के जन्मदिन पर BJP का ‘सेवा संकल्प’, यूपी में 4 करोड़ लाभार्थियों को साधने की कोशिश!
कार में जबरन बैठाकर निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास ले गया
पीड़िता के मुताबिक घटना 25 अगस्त 2026 की है. वह राजनगर एक्सटेंशन में अकेली रहती है. आरोप है कि मोरटा के पास रहने वाला परिचित युवक कार से आया और उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास ले गया. वहां उसने रेप किया और कार में उसके साथ मारपीट की. आरोपी ने पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी.
वीडियो बनाने और वॉट्सऐप पर भेजने का आरोप
नर्स का आरोप है कि आरोपी ने बीयर पीने के बाद उसके आपत्तिजनक वीडियो बनाए और उसका फोन भी छीन लिया. उसने धमकी देते हुए कहा कि वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती. बाद में आरोपी ने उसे एक सोसाइटी के बाहर कार से उतार दिया. हालत बिगड़ने पर पीड़िता ने रात 12:59 बजे 112 पर फोन किया.
थाने में रातभर पूछताछ, जिला अस्पताल में मेडिकल
पीड़िता के अनुसार पुलिस उसे मधुबन बापूधाम थाने ले गई, जहां रात करीब 3 से सुबह 6 बजे तक पूछताछ हुई. उसका जिला अस्पताल में मेडिकल भी कराया गया. इसके बाद तबीयत बिगड़ने पर वह गाजियाबाद के सरकारी अस्पताल में दो दिन और दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में छह दिन भर्ती रही.
इसे भी पढ़ें- UP weather today : प्रदेश के सभी जनपदों में बारिश होने की संभावना, 17 सितंबर तक जारी रह सकता है हल्की बरसात का सिलसिला
FIR न होने और पैसे देने का लगाया आरोप
नर्स का आरोप है कि एक पुलिसकर्मी रविंद्र कुमार ने अस्पताल से निकलने के बाद उसे 1.50 लाख रुपये नकद दिए और वहां से जाने को कहा. उसका कहना है कि FIR दर्ज नहीं की गई. पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों और मानवाधिकार आयोग को शिकायत भेजने की बात कही है. मामले में डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने कहा कि लिखित शिकायत नहीं मिली है. महिला ने ईमेल भेजकर शिकायत की तो जांच कराई जा रही है. सबूतों के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी.



