गाजियाबाद. गाजियाबाद की विंडसर पैराडाइज-2 सोसाइटी में पालतू डॉग को लिफ्ट में ले जाने को लेकर दो महिलाओं के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि डॉग के साथ मौजूद महिला ने स्कूल टीचर को लिफ्ट में आने से रोका. विरोध करने पर मारपीट की गई. घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है.

इसे भी पढ़ें- PM मोदी के जन्मदिन पर BJP का ‘सेवा संकल्प’, यूपी में 4 करोड़ लाभार्थियों को साधने की कोशिश!

लिफ्ट में आने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद

पीड़ित टीचर हिना बारी इंदिरापुरम के एक स्कूल में पढ़ाती हैं और परिवार के साथ विंडसर पैराडाइज-2 में रहती हैं. उनका कहना है कि 12 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे वह स्कूल से लौटकर सोसाइटी पहुंचीं. लिफ्ट में श्वेता सूबे अपने पालतू डॉग के साथ पहले से मौजूद थीं. आरोप है कि श्वेता ने उन्हें दूसरी लिफ्ट से जाने को कहा.

छड़ी से पीटा और बाल खींचने का आरोप

हिना के मुताबिक, उन्होंने लिफ्ट में किनारे खड़े होने की बात कही, लेकिन इसी को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर श्वेता ने उन्हें छड़ी से मारा और फिर थप्पड़ भी मारे. पीड़िता ने बाल खींचने और गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया है.

गार्ड ने बीच-बचाव कर टीचर को बचाया

मारपीट के दौरान सोसाइटी का गार्ड मौके पर पहुंचा और दोनों महिलाओं को अलग करने की कोशिश की. बताया गया कि विवाद के बावजूद स्थिति तुरंत शांत नहीं हुई. बाद में गार्ड टीचर को अपने साथ लेकर लिफ्ट से उनके फ्लैट तक गया. CCTV फुटेज में दोनों महिलाओं के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिखाई दे रही है.

इसे भी पढ़ें- UP weather today : प्रदेश के सभी जनपदों में बारिश होने की संभावना, 17 सितंबर तक जारी रह सकता है हल्की बरसात का सिलसिला

पुलिस ने NCR दर्ज कर शुरू की जांच

घटना के बाद हिना बारी ने नंदग्राम थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने CCTV फुटेज और शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, मामले में NCR यानी गैर-संज्ञेय रिपोर्ट दर्ज की गई है. घटना के बाद सोसाइटी में पालतू डॉग को लिफ्ट में ले जाने और इसको लेकर नियमों व आपसी विवाद का मुद्दा फिर चर्चा में है.