गाजीपुर. माफिया से नेता बने दिवंगत मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास अंसारी ने गाजीपुर में एक जनसभा के दौरान अपने पिता को याद करते हुए बड़ा बयान दिया है. अब्बास ने कहा कि उनकी रगों में वही लहू है और जरूरत पड़ने पर वह लोगों के मान-सम्मान की रक्षा के लिए अपने खून की आखिरी बूंद तक साथ देंगे.

अब्बास अंसारी शुक्रवार शाम कारगिल शहीद रामदुलार यादव की 27वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने पिता मुख्तार अंसारी, चुनावी राजनीति और सरकार की नीतियों को लेकर कई बातें कहीं.

इसे भी पढ़ें- फ्री… फ्री… फ्री… रक्षाबंधन पर CM योगी का तोहफा, बाढ़-जाम पर भी सख्त निर्देश

‘लोगों को यह न लगे कि पिता नहीं हैं तो कोई जुल्म करेगा’

अब्बास अंसारी ने कहा कि लोगों को यह नहीं सोचना चाहिए कि अब उनके पिता मुख्तार अंसारी दुनिया में नहीं हैं, इसलिए कोई भी ताकत जुल्म करके निकल जाएगी. उन्होंने कहा, “मैं मुख्तार अंसारी का बेटा हूं. मेरी रगों में जो भी लहू है, वह आपकी अमानत है. जब जहां जरूरत हो, वसूल कर लेना.” उन्होंने दावा किया कि हुनर, ताकत और किरदार के मामले में वह लोगों को कम नहीं मिलेंगे.

धर्म और जाति के नाम पर वोट बांटने की कोशिश का आरोप

अपने संबोधन में अब्बास ने लोगों से धर्म, जाति और क्षेत्र के नाम पर राजनीति करने वालों से सावधान रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान समाज को अलग-अलग पहचानों के आधार पर बांटने की कोशिश की जाती है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे धर्म या जाति के आधार पर नहीं, बल्कि अपने हितों को ध्यान में रखकर मतदान करें.

शहीदों के सम्मान और युवाओं के मुद्दे उठाए

अब्बास अंसारी ने कहा कि जो लोग शहीदों का सम्मान नहीं करते, उन्हें सत्ता में रहने का अधिकार नहीं होना चाहिए. उन्होंने युवाओं से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि युवाओं पर लाठीचार्ज जैसी घटनाओं के लिए जनता आने वाले चुनाव में जवाब देगी.

‘चुनावी लालच से रहें सावधान’

विधायक ने कहा कि चुनाव के समय जनता को विभिन्न तरह के लाभ और प्रलोभन देकर प्रभावित करने की कोशिश होती है. लोगों को इस राजनीति को समझना चाहिए और आपसी विवादों से बचना चाहिए. उन्होंने कहा कि जनता को असली और नकली चेहरों की पहचान करनी होगी और अपनी जमीन, अधिकारों तथा भविष्य को लेकर सजग रहना होगा.

उद्योगपतियों के हित में फैसले लेने का आरोप

अब्बास अंसारी ने सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उद्योगपतियों और पूंजीपतियों के हित में फैसले ले रही है. उन्होंने कहा कि अगर लोग संगठित और जागरूक नहीं रहे तो गांवों की जमीन और स्थानीय संसाधनों पर बड़े प्रोजेक्टों का असर पड़ सकता है.

भाषण के दौरान अब्बास ने भोजपुरी में भी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले महीनों में चुनावी माहौल तेज होगा और लोगों को जाति, धर्म व अन्य मुद्दों के आधार पर बांटने की कोशिश हो सकती है. उन्होंने जनता से ऐसी राजनीति से सतर्क रहने की अपील की.

इसे भी पढ़ें- सीएम योगी देंगे बड़ा तोहफा, पीएम पोषण रसोइयों को सम्मान के साथ मिलेगा कैशलेस मेडिकल कार्ड

गाजीपुर में अब्बास अंसारी ने कहा कि उनकी रगों में मुख्तार अंसारी का लहू है और जरूरत पड़ी तो आखिरी बूंद तक लोगों का साथ देंगे. उन्होंने चुनावी राजनीति पर भी निशाना साधा.