सोहराब आलम, मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र में पुलिस ने लूट एवं चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 53 ग्राम सोने जैसे धातु के आभूषण और तीन मोबाइल फोन समेत कई अन्य सामान बरामद किए हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि घोड़ासहन थाना क्षेत्र के पुरनहिया मोड़ के पास अवैध रूप से सोना जैसे आभूषण की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के बाद सिकरहना के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित कर पुरनहिया मोड़ के पास छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस को देखते ही दो संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें पुलिस बल ने पीछा कर पकड़ लिया।
सोना जैसे धातु समेत अन्य कई सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख सोबराती, निवासी गोबरी, थाना बंजरिया और शैलेश कुमार, निवासी गम्हरिया कला, थाना दरपा के रूप में हुई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 12 पीस सोना जैसा धातु का ढोलना, 2 पीस मंगलसूत्र, 10 पीस मारवाड़ी नथ, 27 पीस पोंज, 8 पीस कान का झुमका, 2 पीस जितिया और 2 पीस घुंघुरा, सहित तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस
फिलहाल मोतिहारी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला पुलिस के अनुसार, बरामद सामान के संबंध में लूट एवं चोरी की घटनाओं से कनेक्शन की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- बिहार के वैशाली में बड़ा हादसा: अचानक भरभराकर गिरा निर्माणाधीन पुल, 2 लोग दबे, मची अफरा-तफरी



