सिद्धार्थ शरद, वैशाली। जिले के लालगंज स्थित जलालपुर में भारत माला परियोजना के तहत बन रहे 6 लेन पुल का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। गंडक नदी के पास निर्माणाधीन पुल का पूरा स्ट्रक्चर गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन ढांचा गिरने के बाद कुछ लोग मलबे में दब गए। शुरुआती सूचना के मुताबिक दो लोगों के दबे होने की बात सामने आ रही है, जबकि कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
6 कर्मचारी घायल, दो की हालत गंभीर
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने तत्काल राहत और बचाव का काम शुरू किया। हादसे में घायल 6 कर्मचारियों को तुरंत लालगंज रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां 2 कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
लांचर गिरने की वजह साफ नहीं
लांचर गिरने की सूचना मिलते ही निर्माण स्थल पर अधिकारियों और पुलिस की टीम भी पुहंची। टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई। फिलहाल लांचर के गिरने की वजह का अभी तक साफ-साफ पता नहीं चल सका है। लांचर गिरने के पीछे तकनीकी खराबी थी या निर्माण कार्य के दौरान किसी स्तर पर चूक हुई, इसकी जांच की जा रही है।
कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवाल
हादसे के बाद निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के तय मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। पुलिस और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।
ये भी पढ़ें- ‘तो फिर भारत का नाम नरेंद्र मोदी…’, बख्तियारपुर का नाम ‘नीतीशपुर’ करने की मांग पर भाई वीरेंद्र

