कुंदन कुमार, पटना। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बड़ा बयान दिया है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास नहीं खाली करने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि, कानून सबके लिए बराबर है और जो भी कानून का पालन नहीं करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राबड़ी देवी के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि बंगला नहीं खाली करेंगे, सरकार जितनी पुलिस भेजना है भेज दे। इसपर गिरिराज सिंह ने कहा कि कानून किसी व्यक्ति विशेष के लिए अलग नहीं होता। चाहे राबड़ी देवी हों या कोई और, कानून का उल्लंघन करने पर कार्रवाई तय है।

चोट का नाटक कर रहे अभिषेक बनर्जी- गिरिराज सिंह

वहीं, गाजियाबाद में एक हिंदू युवक पर कथित रूप से मुस्लिम युवकों द्वारा चाकू से हमला किए जाने की घटना पर उन्होंने कहा कि, कानून अपना काम करेगा और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पश्चिम बंगाल की राजनीति पर निशाना साधते हुए गिरिराज सिंह ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी चोट लगने का झूठा नाटक कर रहे हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के शासनकाल में हिंदुओं को प्रताड़ित किया गया, विपक्षी कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हुए और चुनाव के दौरान विरोधियों की हत्याएं तक की गईं। उन्होंने कहा कि जनता में वर्षों से जमा आक्रोश अब सामने आ रहा है।

पीएम मोदी की बात का किया समर्थन

इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सत्तू पीने की सलाह दिए जाने का समर्थन करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिल्कुल सही बात कही है। सत्तू गर्मी से बचाव का एक प्रभावी और पारंपरिक साधन है, जिसे लोगों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

ये भी पढ़ें- MLC चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटे तेजस्वी, इस नेता को बनाएंगे राजद का उम्मीदवार!