Bihar MLC Elections: बिहार में 18 जून को 10 सीटों पर होने वाले MLC चुनाव को लेकर राजद ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। तेजस्वी यादव ने आज रविवार (31 मई) को पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की है। बैठक में उम्मीदवार का चयन और जीत सुनिश्चित करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।

विधायकों को एकजुट करने की कोशिश

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस MLC चुनाव में राजद अपनी तरफ से एक उम्मीदवार को मैदान में उतार सकती है। चुनाव को ध्यान में रखते हुए तेजस्वी यादव पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप सकते हैं, जिससे पार्टी विधायकों में एकजुटता बनी रहे और साथ ही महागठबंधन के सहयोगी दलों के साथ ही बेहतर तालमेल बना रहे। गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव के समय महागठबंधन के नेताओं द्वारा वोटिंग नहीं करने पर राजद को हार का सामना करना पड़ा था।

राजद सुनील सिंह को फिर से बना सकती है उम्मीदवार

गौरतलब है कि राजद से सुनील सिंह और मोहम्मद फारूक का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि तेजस्वी मौजूदा एमएलसी में से ही किसी एक को फिर से अपना उम्मीदवार बना सकते हैं। प्रबल संभावना है कि राजद सुनील सिंह को फिर से अपना उम्मीदवार बना सकती है। बता दें कि राजद से तेज प्रताप यादव और रोहिणी आचार्य के नामों पर भी चर्चा हुई। हालांकि, पार्टी या फिर किसी नेता की ओर से उम्मीदवार (तेज प्रताप यादव, रोहिणी) को लेकर अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा या बयान सामने नहीं आया।

एक सीट पर राजद की मजबूत दावेदारी

राजनीतिक गणित के हिसाब से विधान परिषद चुनाव में NDA का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। MLC चुनाव में एक सीट जीतने के लिए करीब 25 विधायकों के समर्थन की जरूरत होती है। एनडीए के पास कुल 202 धायक हैं। ऐसे में एनडीए दल 8 सीटों पर आसानी से जीत दिलाने की स्थिति में हैं। वहीं, महागठबंधन के पास संख्या बल कम होने के कारण वह फिलहाल सिर्फ एक सीट पर ही मजबूत दावेदारी पेश कर सकता है, जिसपर तेजस्वी ने अपनी नजर बनाई हुई है।

10 सीटों पर 18 जून को होगा मतदान

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने जून में खाली हो रहे बिहार MLC की 9 सीटों और नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई एक रिक्त सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, इन सीटों पर 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन देर शाम नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।

निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, बिहार विधान परिषद उपचुनाव के लिए अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी। वहीं, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है, जबकि 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और नतीजों का ऐलान कर दिया जाएगा। आयोग ने 20 जून तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने की समय-सीमा तय की गई है।

ये भी पढ़ें- ‘दुर्भाग्य है कि सत्ता में बैठे लोग’, अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर तेजस्वी का PM पर बड़ा हमला