Bihar News: पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद और राज्य की पूर्व सीएम ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर पूरा विपक्ष बीजेपी सरकार पर हमलावर है। इसी क्रम में राजद की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- TMC के सांसद भाई अभिषेक बनर्जी पर भाजपाई सत्ता द्वारा प्रायोजित कायराना हमला निंदनीय और चिंताजनक है। उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। उन्होंने कहा कि, लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। दुर्भाग्य है कि सत्ता में बैठे आपराधिक प्रवृत्ति के लोग ऐसी हिंसा के पोषक, संरक्षक और संचालक है।
तेजस्वी ने पीएम मोदी पर उठाया सवाल
तेजस्वी यादव ने आगे लिखा- लोकतंत्र में नीतिगत विरोध, असहमति, वैचारिक मतभेद और प्रदर्शन समृद्ध व स्वस्थ लोकतंत्र का परिचायक है। सहमति और संवाद की जगह अराजकता, द्वेष और हिंसा को प्रोत्साहित करना जनतंत्र और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि, विचित्र स्थिति है कि घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ अविलंब सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग भी किस से की जाए? ट्रंप पर हमले को अमेरिकी लोकतंत्र के लिए खतरा बताने वाले प्रधानमंत्री मोदी जी भारतीय लोकतंत्र में इस राजनीतिक हिंसा और हमले की निंदा करेंगे कि नहीं?
हम प्रतिद्वंदी हैं, दुश्मन नहीं- मनोज झा
वहीं, इस मामले पर राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि, महत्वपूर्ण यह नहीं है कि ऐसा जनप्रतिनीधि के साथ हुआ, अगर एक आम नागरिक के साथ भी ऐसा हो, यह कतई उचित नहीं है। मैं समझता हूं कि सभी लीडरशीप को बैठना होगा और जमीन तक यह संदेश देना होगा कि हम एक-दूसरे के प्रतिद्वंदी हैं, दुश्मन नहीं हैं।
हिंसा पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे अभिषेक बनर्जी
गौरतलब है कि कल शनिवार (30 मई) को अभिषेक बनर्जी पश्चिम बंगाल के सोनारपुर इलाके में चुनाव बाद हुई हिंसा में पीड़ितों परिवारों से मुलाकात करने पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ की सकल में आए कुछ अराजक तत्वों ने उनपर हमला कर दिया। अज्ञात लोगों ने अभिषेक बनर्जी पर पत्थर, जूते और अंडे फेंके और उन पर लात-घूंसे बरसाने का भी प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और सुरक्षा बल ने उन्हें बड़ी मुश्किल से वहां से बाहर निकाला।
ये भी पढ़ें- राबड़ी आवास पर आर-पार: रोहिणी आचार्य ने सम्राट सरकार को दी खुली चुनौती, बोलीं- अगर हिम्मत है, तो..

