कुंदन कुमार, पटना। बिहार में राबड़ी आवास को लेकर सियासत गरमाती हुई है। दरअसल भवन निर्माण विभाग की ओर से पूर्व सीएम राबड़ी देवी को पटना स्थित 10, सर्कुलर रोड के सरकारी आवास, जिसे अब राबड़ी आवास के नाम से जाना जाता है, उसे खाली करने को लेकर सख्त निर्देश जारी किया गया है। वहीं, राबड़ी देवी और राजद नेताओं का कहना है कि किसी भी हालत में आवास को खाली नहीं किया जाएगा। वहीं, अब इस मुद्दे पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी सम्राट सरकार पर खुलकर जवाबी हमला बोला है।
हिम्मत है, तो जबरन खाली करवाए बंगला- रोहिणी
रोहिणी आचार्य ने इस आदेश को तुगलकी फरमान बताते हुए सोशल मीडिया एक्स पर एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- अगर हिम्मत है तो जबरन बंगला खाली करवाए सरकार। रोहिणी ने आगे लिखा- जनहित के ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक प्रतिशोध की राह पर है सम्राट चौधरी की सरकार l पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी जी को आवास से बेदखल करने का तुगलकी फरमान और आवास पर पुलिस भेजना लोकतंत्र नहीं, सत्ता के अहंकार एवं बेजा दबंगई की निशानी है।
रोहिणी आचार्य ने आगे लिखा कि, अफसोसजनक है कि बेरोज़गारी, महंगाई , भ्रष्टाचार , बढ़ते अपराध के फ्रंट पर पूरी तरह से निष्क्रिय साबित होती सम्राट चौधरी की सरकार विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने में पूरी सक्रिय हैl ये शासन का कौन सा मॉडल है ? बेशक शासन का “प्रतिशोध मॉडल”।
नंद किशोर राम को आवंटित है आवास
भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि बिहार सरकार में मंत्री पशु एंव डेयरी मंत्री नंद किशोर राम को 10 सर्कुलर रोड सरकारी आवास आवंटित किया गया है। वहीं, राबड़ी देवी को अब हार्डिंग रोड स्थित केंद्रीय पूल का आवास संख्या-39 आवंटित किया गया है। आदेश में लिखा गया है कि लेकिन अभी तक बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी की ओर से 10 सर्कुलर रोड आवास को खाली नहीं किया गया है। जारी आदेश में उन्हें जल्द से जल्द आवास को खाली करने का निर्देश दिया गया है।
ये भी पढ़ें- नेपाल PM बालेन्द्र शाह का कबूलनामा, भारत की जमीन पर अतिक्रमण की बात मानी, बोले- बातचीत से निकलेगा हल

