सरोज कुमार गुप्ता,सीतामढ़ी। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने भारत-नेपाल सीमा विवाद को कूटनीतिक वार्ता के जरिए सुलझाने की बात कही है। संसद में सांसदों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि, सीमा से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रयास जारी हैं।
नेपाल का भी भारत की जमीन पर अतिक्रमण
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने यह दावा किया कि उन्हें हाल ही में जानकारी मिली है कि केवल भारत ही नहीं, बल्कि नेपाल ने भी कुछ स्थानों पर भारत की जमीन पर अतिक्रमण किया है। शाह ने कहा, “आप लोगों को यह सुनकर आश्चर्य होगा, मुझे भी अभी हाल में पता चला है कि भारत के साथ-साथ नेपाल ने भी भारत की कुछ जमीन पर अतिक्रमण किया है। हम दोनों देश बातचीत की मेज पर बैठकर इस विषय पर चर्चा करेंगे और समाधान निकालेंगे।”
प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध हैं और सीमा संबंधी मुद्दों का समाधान आपसी संवाद और सहमति से किया जाएगा।
5 हेक्टेयर जमीन पर अतिक्रमण
दरअसल रिपोर्ट्स के मुताबिक नेपाल ने उत्तराखंड के चंपावत में भारत-नेपाल सीमा पर वन विभाग की 5 हेक्टेयर जमीन पर अतिक्रमण किया हुआ है। इस संबंध में एसएसबी और वन विभाग की ओर से केंद्रीय गृह मंत्रालय को रिपोर्ट भी भेजी गई है। मिली जानकारी के अनुसार लगभग तीन दशकों से नेपाल द्वारा भारत की जमीन पर किए गए अतिक्रमण भूमि पर पक्के निर्माण, दुकानों के साथ-साथ अस्थायी झोपड़ियां भी बना ली गई हैं।
वहीं, अब जब इस मुद्दे पर नेपाल के प्रधानमंत्री द्वारा खुलकर बातचीत का वीडियो सामने आया है, तो यह उम्मीद जताई जा रही है कि भारत सरकार जल्द ही नेपाल के साथ बैठक व वार्ता कर अतिक्रमण किए गए अपने जमीन को मुक्त करा लेगी।
ये भी पढ़ें- पटना में पीएम मोदी की मन की बात पर जुटे दिग्गज: शाहनवाज हुसैन ने की प्रशंसा, तो राबड़ी आवास विवाद पर विपक्ष को घेरा

