Bihar News: राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी और देश के गृहमंत्री अमित शाह को गद्दार कहने पर देश की सियासत गर्म हो चुकी है। बीजेपी नेता लगातार राहुल के बयान पर पलटवार करते हुए उनपर जवाबी हमला कर रहे हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह ने भी राहुल गांधी पर तगड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी का फ्रस्ट्रेशन है कि उनको सत्ता मिल नहीं रही है. इस वजह से इस तरह के बयान दे रहे हैं।

‘वे मोदी नहीं, देश को गाली दे रहे हैं’

गिरिराज सिंह ने कहा कि, राहुल गांधी निराश हैं। सत्ता ना मिलने के कारण निराशा है। वे मोदी जी को गाली नहीं दे रहे हैं, देश को गाली दे रहे हैं। वो निराशा में निकल रहा है। पूरी दुनिया में केवल नरेंद्र मोदी ही ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने केवल 3.2% की वृद्धि की है, नहीं तो 110% तक की वृद्धि हुई है। वे 5 दिन के दौरे पर विदेश गए हैं, तो भारत को मजबूत करने के लिए।

‘देश का दुश्मन ही ऐसा बोल सकता है’

गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि, राहुल गांधी का राजनीति स्तर इतना नीचे गिर गया है कि अब वे लोकसभा में नेता विपक्ष रहने के भी लायक नहीं हैं। उन्होंने जिस भाषा का प्रयोग किया है, वो दुश्मन देश का ही कोई बोल सकता है। गिरिराज ने कहा कि, मैं आज राहुल गांधी से कहना चाहता हूं अगर हिम्मत है तो तर्कों के आधार पर बोलें।

‘मर चुका है राहुल गांधी का विवेक’

वहीं, जब उनसे यह कहा गया की राहुल गांधी कह रहे हैं कि जैसे कोविड और नोटबंदी के समय देश के सामने आकर पीएम रोए थे। इस बार भी वह देश के सामने आकर रोएंगे। इसपर गिरिराज सिंह ने कहा कि, राहुल गांधी का विवेक मर चुका है। नरेंद्र मोदी को अपनी जनता पर भरोसा है और नरेंद्र मोदी ने जो अपील इस बार की है, लोग उसका अनुकरण कर रहे हैं।

राहुल गांधी का बयान

दरअसल आज बुधवार (20 मई) को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रायबरेली पहुंचे थे, जहां उन्होंने आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, जो संविधान पर आक्रमण करता है, जो संविधान नष्ट करता है उसे आप क्या कहेंगे? गद्दार कहेंगे। इसलिए मैंने खुलकर कहा है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह संविधान पर आक्रमण कर रहे हैं। उन्होंने देश का धन अडानी अंबानी को बांटा, देश की संस्थाओं को खत्म किया, वोट चोरी कराई। RSS के लोग सुन लें, आपने कहा कि मुझे माफी मांगनी चाहिए, मैं कभी माफी नहीं मागूंगा। मैं फिर कहूंगा कि अमित शाह और नरेंद्र मोदी गद्दार हैं क्योंकि उन्होंने संविधान पर आक्रमण किया।

आर्थिक तूफान को लेकर किया आगाह

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, चुनाव से पहले कहा गया कि पेट्रोल, गैस की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ेंगे। आज जब पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं, तो अंबानी पेट्रोल हिंदुस्तान से बाहर भेज रहे हैं। अंबानी रूस से पेट्रोल खरीदकर बाहर बेचते हैं और उस पैसे से वे नरेंद्र मोदी की फंडिंग करते हैं। यह सच्चाई है। राहुल गांधी ने कहा कि, नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है। अब आर्थिक तूफान आ रहा है। उन्होंने कहा कि, नरेंद्र मोदी और हिंदुस्तान की सरकार आपको नहीं बचा पाएगी। 

ये भी पढ़ें- ‘पशु का चारा खाकर राजनीति में नहीं आया’, TRE-4 आंदोलन को लेकर मिथिलेश तिवारी का राजद पर बड़ा हमला