कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना की सड़कों पर आज बुधवार (20 मई) को एक बार फिर से BPSC TRE-4 की वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई अभ्यर्थियों को कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान पुलिस ने हल्का बल का भी प्रयोग किया। वहीं, अब इस मामले पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बयान सामने आया है।
अभ्यर्थियों को दी पढ़ने की सलाह
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि, जो अभ्यर्थी हैं। वो आंदोलन नहीं करें, वो सिर्फ पढ़ाई करें। सरकार बहुत जल्द TRE-4 को लेकर निर्णय लेगी। विभाग में लगातार बैठक चल रही है। मुख्यमंत्री जी भी इसको लेकर सभी तरह से आदेश दे चुके हैं। शिक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि किसी ना किसी के शह पर इस तरह का आंदोलन चलाया जा रहा है, जो कि ठीक नहीं है।
तेजस्वी पर साधा निशाना
इस दौरान मिथिलेश तिवारी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, हम लोग चरवाहा विद्यालय का स्टूडेंट नहीं रहे हैं और ना ही पशु का चारा खाकर राजनीति में आए हैं। तेजस्वी जी ज्यादा खानदान को लेकर बात करेंगे तो, उन्हें हम छोड़ने वाले नहीं है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि जानबूझकर कुछ लोग हमारे वीडियो को वायरल करते थे, वो भी छेड़छाड़ कर वीडियो बनाया जा रहा है। सभी पर कार्रवाई करवाएंगे। हमें लगता है कि राजद के लोगों को लग रहा है कि वो उनका जड़ खोदेंगे। इसीलिए वही लोग हमें बदनाम करने में लगे हैं।
8 मई को भी हुआ था लाठीचार्ज
बता दें कि इससे पहले 8 मई को भी शिक्षक अभ्यर्थियों ने TRE-4 शिक्षक भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। उस दिन भी पुलिस ने बेरहमी से छात्रों पर लाठियां बरसाई थीं। उस दौरान कई अभ्यर्थियों को चोट भी आई थी। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार भर्ती प्रक्रिया में देरी कर रही है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।
46,595 पदों पर होनी है भर्ती
आपको बता दें कि TRE-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर शिक्षकों की भर्ती होनी है। इसके लिए प्रस्ताव फरवरी में ही BPSC को भेजी गई थी, जिसे शिक्षा विभाग ने संशोधित कर वार्षिक कैलेंडर में भी शामिल किया। लेकिन आवेदन प्रक्रिया को लेकर कोई सूचना अभी तक नहीं जारी की गई। सूत्रों के अनुसार परीक्षा 22 से 27 सितंबर 2026 के बीच आयोजित हो सकती है और परिणाम नवंबर में जारी होने की उम्मीद है।
पहली बार लागू होगी डोमिसाइल नीति
इस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार डोमिसाइल नीति लागू की जाएगी। कक्षा 1 से 12 तक के शिक्षकों के अलावा विभिन्न कल्याण विभागों में भी नियुक्तियां होनी है। TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के जरिए बीते दो सालों में लगभग 2.27 लाख शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है।
ये भी पढ़ें- सियासत में शब्दों की मर्यादा भूले राहुल गांधी? PM मोदी और अमित शाह को गद्दार कहने पर भड़के नितिन नबीन

