Bihar News: नीट पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज समेत अन्य मुद्दों को लेकर विपक्षी सदस्यों का लगातार सदन के दोनों सदनों में हंगामा जारी है, जिसके कारण लगभग हर रोज सदन कि कार्यवाही प्रभावित हो रही है। आज भी विपक्ष के हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही को कल 29 जुलाई 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। इस बीच बार-बार सदनों के स्थगित होने को लेकर भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बड़ा बयान दिया है।
‘अखिलेश-राहुल ने संसद को बंधक बनाया’
मीडिया से बातचीत के दौरान गिरिराज सिंह ने कहा कि,राहुल गांधी, अखिलेश यादव और विपक्ष की अन्य पार्टियों ने सदन को बंधक बना लिया है। उन्हें छात्रों के प्रति कोई सहानुभूति नहीं है। उन्होंने कहा कि, जब यह मुद्दा पहली बार उठा था, लगभग 3 मई को, तो प्रधानमंत्री ने तुरंत यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा हो और नतीजे घोषित हों। किसी का भी साल बर्बाद नहीं हुआ। इसके बाद, एक नया कानून लाया जा रहा है, एक फास्ट-ट्रैक सिस्टम बनाया जा रहा है और छात्र प्रतिनिधियों से किए गए वादे पूरे किए गए हैं।
गिरिराज सिंह ने कहा कि, जब यह घटना पहली बार हुई थी और प्रधानमंत्री छात्रों की परीक्षाओं के लिए इंतजाम कर रहे थे, तब ये नेता विदेश यात्रा पर थे। छात्रों ने कभी उन्हें अपना प्रतिनिधि नहीं माना। मुझे समझ नहीं आ रहा कि वे अब इतना हंगामा क्यों कर रहे हैं।
सीवान फायरिंग पर कही ये बात
वहीं, बिहार बंद के दौरान छात्रों के विरोध-प्रदर्शन में पुलिस फायरिंग की खबरों पर गिरिराज सिंह ने कहा कि, बिहार सरकार ने अपने अधिकार क्षेत्र में रहकर काम किया। हालांकि सस्पेंशन हुआ लेकिन अगर गहराई से देखें तो कई ऐसे लोग भी इसमें बुरी तरह शामिल थे, जो छात्र नहीं थे।
उन्होंने कहा कि, मुझे एक घटना याद है जब एक पुलिस स्टेशन पर बम फेंका गया था; ऐसे गैर-छात्र विरोध-प्रदर्शन में घुस आए और छात्रों की बदनामी कराई। ऐसी बात जिस पर खुद छात्रों का ध्यान नहीं गया। अब ऐसी कई बातें सामने आ रही हैं। फिर भी, बिहार सरकार ने वही कदम उठाए जिनकी लोग मांग कर रहे थे।
ये भी पढ़ें- ‘भाजपा ने बनाया नीतीश का AI VIDEO’, PK का बड़ा दावा; बोले- सच साबित करो वापस ले लूंगा उम्मीदवारी


