Bihar News: बांकीपुर उपचुनाव को लेकर चुनाव प्रचार का आज मंगलवार (28, जुलाई) को अंतिम दिन है। इस बीच उपचुनाव को लेकर जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने बड़ा बयान दिया है। मीडिया से बातचीत के दौरान एक सवाल के जवाब में पीके ने कहा कि, बांकीपुर की जनता ने पहले ही अपना मन बना लिया है। आज मैं बिहार की जनता और बांकीपुर के मतदाताओं से एक बात कहना चाहता हूं कि कल NDA ने नीतीश कुमार का एक वीडियो जारी किया था लेकिन वह वीडियो पूरी तरह से फेक है। इसे AI का इस्तेमाल करके बनाया गया था और नीतीश कुमार ने कभी ऐसा बयान नहीं दिया।
तो वापस ले लूंगा अपनी उम्मीदवारी- पीके
प्रशांत किशोर ने कहा कि, अगर आप वीडियो को ध्यान से देखेंगे, तो पाएंगे कि इसे AI से एडिट किया गया है। यह नीतीश कुमार का असली वीडियो नहीं है और न ही यह उनका दिया हुआ कोई बयान है। इससे पता चलता है कि भाजपा कितनी डरी हुई है। अगर नीतीश कुमार ने सच में वह बयान दिया है तो उन्हें अपनी पसंद के किसी भी पत्रकार के सामने उसे दोहराने के लिए कहें और हम तुरंत चुनाव से अपनी उम्मीदवारी वापस ले लेंगे। इससे उन्हें कोई फ़ायदा नहीं होगा। भाजपा पहले ही हार चुकी है। अब बस सवाल इस बात का है कि वे कितने बड़े अंतर से हारेंगे।
बिहार बीजेपी ने शेयर किया नीतीश का वीडियो
दरअसल बिहार बीजेपी ने सोशल मीडिया एक्स पर नीतीश कुमार का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह विधानसभा क्षेत्र के लोगों से भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा को वोट देने और उन्हें जिताने की बात कर रहे हैं। नीतीश कुमार ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्यारे मतदाताओं, आप सभी को मेरा प्रणाम।
उन्होंने कहा कि, आप जानते हैं कि आपके विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव हो रहा है और 30 जुलाई को मतदान होना है। उन्होंने कहा, जनता के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद से पिछले दो दशकों में सुशासन और न्याय के साथ विकास के कार्यों को ईमानदारी से धरातल पर उतारा गया है। विकास की इस गति को बनाए रखने और विकसित बिहार के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है।
बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा को जीताने की अपील
अंत में नीतीश कुमार ने फिर से बांकीपुर के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा को अपना आशीर्वाद दें और कमल चुनाव चिन्ह के सामने बटन दबाकर भारी मतों से विजयी बनाएं। वहीं, अब पीके ने कहा है कि, अगर नीतीश कुमार ने सच में वह बयान दिया है तो उन्हें अपनी पसंद के किसी भी पत्रकार के सामने उसे दोहराने के लिए कहें और हम तुरंत चुनाव से अपनी उम्मीदवारी वापस ले लेंगे। ऐसे में अब देखने वाली बात यह होगी की प्रशांत के इस दावे पर बीजेपी और जदयू के नेताओं की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है?
ये भी पढ़ें- बच्चों से बंटवा रहे चुनावी पर्चे? PK पर RJD का बड़ा हमला, केस दर्ज करने की मांग


