कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव को लेकर चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। ऐसे में राजद ने अपने फेसबुक एक वीडियो शेयर करते हुए जन सुराज पर काफी गंभीर आरोप लगाया है। राजद द्वारा शेयर किए गए वीडियो में कुछ नाबालिग बच्चे जन सुराज का झंडा लेकर रैली में शामिल होते दिख रहे हैं। वहीं, एक बच्चा जन सुराज का प्रचार करते हुए और पर्चा बांटते हुए नजर आ रहा है।
जनसुराज का प्रचार करता दिखा नाबालिग
राजद ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा- अराजनीतिक और अपरिपक्व किशोर पाटी नादान बच्चों का वर्तमान और भविष्य बर्बाद कर उनसे पर्चे बंटवा रहे है। नफ़रत परोस देश में घोर सांप्रदायिकता फैलाने पर अपनी छाती ठोकने वाले कथित प्रधानमंत्री बनाने की फैक्ट्री के संस्थापक अशांत बाजारू लोग इस पर क्या कहेंगे?
राजद प्रवक्ता एजाज अहदम ने साधा निशाना
वहीं, इस मुद्दे पर राजद के प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि, बिहार में नई राजनीति का दावा करने वाले प्रशांत किशोर बच्चों से जन सुराज का पर्चा बंटवा रहे हैं। बच्चों से अपना प्रचार कर आप अपने आपको बिहार की राजनीति में कहां पर स्थापित करना चाहते हैं। एजाज अहमद ने इसे गलत बताते हुए चुनाव आयोग से इस मामले को संज्ञान लेने और कार्रवाई करने की मांग की।
पीके के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग
एजाज अहमद ने कहा कि, चुनाव आयोग न सिर्फ इस मामले को संज्ञान में लेना चाहिए बल्कि प्रशांत किशोर के खिलाफ चुनाव उल्लघंन मामले में एक मुकदमा भी दर्ज करना चाहिए। उनके खिलाप बाल श्रम कानून के तहत भी एक केस होना चाहिए। उन्होंने कहा कि, पीआर कंपनी के जरिए बड़े-बड़े दावे करने वाले प्रशांत किशोर को प्रचार करने के लिए लोग नहीं मिल रहे हैं। इसलिए वे छोटे-छोटे बच्चों का राजनीतिकरण कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: आज थमेगा चुनावी शोर, BJP की प्रतिष्ठा दांव पर; RJD-जन सुराज ने झोंकी ताकत


