प्रमोद कुमार, कैमूर। पहले के जमाने में जहां आशिक अपने प्यार को पाने के लिए जमाने से लड़ जाते थे, वहीं आज का आशिक अपने प्यार को पाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ रहा है। यह कोई मजाक नहीं बल्कि आज के समाज एक कड़वी सच्चाई है। हाल के दिनों में बिहार में ऐसे कई मामले देखने को मिले हैं। ताजा मामला कैमूर जिले से सामने आया है, जहां एक प्रेमिका अपने प्रेमी को पाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गई।

प्रेमी से शादी कराने के वादे पर नीचे उतरी युवती

पूरा मामला भगावनपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां मोबाइल टावर पर चढ़ी प्रेमिका को घंटों तक चले हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद प्रेमिका को प्रेमी के साथ शादी कराने के वादे पर टावर से नीचे उतारा। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रेम विवाह के लिए राजी नहीं थे परिवार वाले

बताया जा रहा है कि युवती का एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पिछले तीन महीने से वह घर से फरार थी। हालांकि परिवार वालों ने जब उसपर दबाव बनाया तो युवती घर वापस आ गई। इस बीच घर वाले उसपर दूसरे लड़के के साथ शादी करने का दबाव बनाने लगे। इस बीच युवती आज अपने घर से भभुआ आकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। युवती को मोबाइल टावर पर चढ़ता देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

मौके पर जुटी लोगों की भारी भीड़

वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस युवती को मोबाइल टावर से उतारने के प्रयास में जुट गई। युवती प्रेमी के साथ शादी करने की जिद पर अड़ी रही। पुलिस द्वारा उसके प्रेमी से उसकी शादी कराने के वादे पर वह टावर से सही सलामत नीचे उतरी। इस दौरान वहां पर लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही।

प्रेमी-प्रेमिकाओं ट्रेंड बना टॉवर पर चढ़ना

लड़के और लड़कियों में यह ट्रेंड बन गया है कि, जब घर वाले लव मैरिज के लिए तैयार नहीं हो तो, प्यार में पड़े प्रेमी अपने प्यार को पाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ जा रहे हैं। कुछ दिन पहले ही दुर्गावती में भी एक युवती के घर वालों ने जब प्रेम विवाह करने से इंकार किया तो युवती नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई, आज फिर भगवानपुर में एक ऐसी ही मामला सामने आया, जब प्रेमी से शादी करने से घर वाले इंकार किया तो प्रेमिका मोबाइल टावर पर चढ़ गई।

ये भी पढ़ें- महज एक नींबू के लिए मासूम बच्चे की पीट-पीटकर हत्या, घटना के बाद पुलिस छावनी में तब्दील हुआ गांव