वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां अस्थावां थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरावा गांव में एक मामूली नींबू को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में 12 वर्षीय बालक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक बच्चे की पहचान राजकुमार पासवान के पुत्र के रूप में हुई है, जिसे गांव के लोग प्यार से ‘झगड़ू’ कहकर बुलाते थे।

एक नींबू के लिए ली बच्चे की जान

मिली जानकारी के अनुसार, बालक गांव में अन्य बच्चों के साथ कंचे खेल रहा था। इसी दौरान पास के पेड़ से एक नींबू नीचे गिरा, जिसे बच्चे ने उठा लिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर गोरख मियां नामक व्यक्ति ने बच्चे पर बुरी तरह से लाठी से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने इतनी बेरहमी से हमला किया कि बच्चे के सिर में गंभीर चोट लग गई और उसका सिर तक फट गया। घायल हालत में परिजन उसे इलाज के लिए बिहारशरीफ लेकर भागे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने महिलाओं पर भांजी लाठियां

मासूम के मौत की खबर मिलते ही गांव में गम और गुस्से का माहौल कामय हो गया। ग्रामीण इंसाफ की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शी राबड़ी देवी ने आरोप लगाया कि, जब ग्रामीण विरोध कर रहे थे, तब मौके पर पहुंची पुलिस से उनकी तीखी झड़प हुई। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने स्थिति संभालने के बजाय महिलाओं और ग्रामीणों पर लाठियां चलाईं और उनके साथ मारपीट की।

पुलिस छावनी में तब्दील में हुआ गांव

घटना के बाद पूरे सकरावा गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। कई थानों की पुलिस बल मौके पर तैनात है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। सदर डीएसपी नुरुल हक खुद गांव में कैंप कर रहे हैं और ग्रामीणों को शांत कराने में जुटे हुए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- खानपुर में युवक की गला रेतकर दिनदहाड़े हत्या, बागीचे में दावत के दौरान खूनी खेल की आशंका