राकेश कथूरिया ,कैथल।कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी द्वारा घोषित बी.ए.जे.एम.सी. पांचवें सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में इंदिरा गाँधी पीजी महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है।

परीक्षा परिणाम में छात्रा कोमल और ममता ने 9.20 एस.जी.पी.ए. प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं छात्रा आरती ने 9 एस.जी.पी.ए. के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके अलावा महाविद्यालय की पांच छात्राओं ने 8.40 एस.जी.पी.ए. प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

महाविद्यालय प्रबंधक समिति के प्रधान राम बहादुर खुरानिया ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से महाविद्यालय की शैक्षणिक गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता छात्राओं की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है।

सायंकालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी श्वेता तंवर ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि निरंतर मेहनत व सकारात्मक सोच सफलता की असली कुंजी है।

पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की विभागाध्यक्ष सीमा सुनेजा ने कहा कि विभाग की छात्राएं लगातार उत्कृष्ट परिणाम देकर नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं, जो पूरे विभाग के लिए गर्व की बात है।इस अवसर पर जनसंचार विभाग से प्रोफेसर संगीता शर्मा भी उपस्थित रहीं।