केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में बढ़ती घुसपैठ को लेकर बड़ा बयान देते हुए ममता बनर्जी और टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार (28 मई 2026) को अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में शाह ने कहा कि अब हालात बदल चुके हैं और जो लोग अवैध तरीके से भारत में घुसे थे, वे खुद ही वापस लौटने लगे हैं।

“पहचान अभियान शुरू होने से पहले लौट जाएं”

अमित शाह ने कहा कि बंगाल में भाजपा के नेतृत्व में घुसपैठ के खिलाफ सख्त माहौल बनाया गया है। उन्होंने दावा किया कि पहले राज्य में रोजाना घुसपैठ होती थी, लेकिन अब अवैध घुसपैठिए डरकर वापस जा रहे हैं।

उन्होंने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग अवैध तरीके से देश में आए हैं, वे पहचान अभियान शुरू होने से पहले स्वेच्छा से लौट जाएं। ऐसा करने वालों पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होगी और सरकार उनकी वापसी में मदद भी करेगी।

“एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकालना सरकार का संकल्प”

गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार देशभर से अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर निकालने के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है। इसी दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर “डेमोग्रैफिक बदलाव” की जांच के लिए हाई-लेवल कमेटी बनाई गई है।

शाह के मुताबिक यह कमेटी देश में हो रहे कृत्रिम जनसंख्या बदलाव, उसके कारणों और उससे निपटने के उपायों का अध्ययन करेगी। जरूरत पड़ने पर नए कानून की सिफारिश भी की जाएगी। कमेटी एक साल के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

BSF को मिली जमीन, बॉर्डर फेंसिंग होगी तेज

अमित शाह ने बंगाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सिर्फ 7 दिनों के भीतर BSF को 600 हेक्टेयर जमीन सौंप दी है। इसके अलावा “चिकन नेक” इलाके की 121 हेक्टेयर जमीन भी BSF को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि अब बांग्लादेश सीमा पर रुकी हुई फेंसिंग का काम तेजी से आगे बढ़ेगा और सीमा सुरक्षा को और मजबूत बनाया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m