गोहाना में पुलिस उपायुक्त जितेंद्र गहलावत ने शहर के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ कानून व्यवस्था पर अहम बैठक की। बैठक में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और अतिक्रमण हटाने पर बल दिया गया।
संजीव घनगस, सोनीपत। पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह, IPS, ADGP के दिशा-निर्देशानुसार पुलिस उपायुक्त गोहाना जितेंद्र गहलावत ने आज अपने कार्यालय में गोहाना शहर के गणमान्य व्यक्तियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की। इस बैठक में शहर की कानून व्यवस्था, शांति, सामाजिक सौहार्द एवं सुचारू यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान पुलिस उपायुक्त ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय से ही सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों से क्षेत्र में शांति एवं भाईचारा बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
अफवाहों और अतिक्रमण पर रोक
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा अपुष्ट सूचना साझा न करें तथा अफवाहों से बचते हुए केवल सत्यापित जानकारी पर ही विश्वास करें। पुलिस उपायुक्त ने बैठक के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक नियमों का पालन करें तथा अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें, ताकि आमजन को आवागमन में असुविधा न हो। गलत पार्किंग एवं अतिक्रमण के कारण शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।

पुलिस और जनता का समन्वय
बैठक में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने सुझाव रखे तथा शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने, नशे पर रोक लगाने, यातायात को बेहतर बनाने तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। पुलिस उपायुक्त ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उचित समाधान का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर डॉ. गजराज, विकास जैन, संजय मेहंदीरत्ता, श्यामलाल, विनोद सेहरावत, बलराम कौशिक, श्री भगवान ज्वेलर्स, जस्सी सरपंच, मोनू पंचाल, अरुण बड़ोत्ता तथा राजकुमार सैनी सहित अन्य सम्मानित नागरिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

