Gokul Setia Sirsa Water Problem : सिरसा। जनता की समस्याओं को लेकर जनप्रतिधि और अधिकारियों के बीच टकराव का एक बड़ा मामला सामने आया है। सिरसा में तीन साल से ठप पड़ी पेयजल व्यवस्था को लेकर स्थानीय विधायक गोकुल सेतिया के तेवर बेहद तल्ख नजर आए। अग्रवाल कॉलोनी में पानी की पाइपलाइन न जुड़ने से नाराज विधायक ने जब जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन (XEN) को फोन मिलाया, तो दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। विधायक ने अधिकारी को दो-टूक लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर काम नहीं हुआ तो वे खुद विभाग के दफ्तर में आकर बैठ जाएंगे।

तीन साल का इंतजार और अधिकारियों के बहाने

पूरा मामला सिरसा की अग्रवाल कॉलोनी से जुड़ा है, जहाँ के निवासी पिछले तीन सालों से पाइपलाइन बिछने के बावजूद पानी के कनेक्शन के लिए तरस रहे हैं। रविवार शाम जब कॉलोनी के लोगों ने अपनी यह व्यथा विधायक गोकुल सेतिया के सामने रखी, तो उन्होंने मौके से ही जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन को फोन लगा दिया।

शुरुआत में एक स्थानीय निवासी ने अधिकारी को पूरी समस्या समझाते हुए बताया कि सुखर्ब चौक तक तो लाइन आ चुकी है, लेकिन विभाग अब हाईवे अथॉरिटी से अनुमति (परमिशन) न मिलने का बहाना बना रहा है। निवासियों का आरोप है कि होटल वाली गली और नंदन वाटिका जैसी जगहों पर भी नई लाइन डालने के बाद उसे मुख्य सप्लाई से जोड़ा नहीं गया है।

फोन पर हुई सीधी डिबेट, विधायक बोले— ‘दफ्तर आया तो पसीना आ जाएगा’
मामला तब और गरमा गया जब अधिकारी ने विधायक से फोन पर कह दिया कि “अगर आपको लगता है, तो आप मेरी बदली करवा दीजिए, इससे क्या हो जाएगा।”

अधिकारी की इस बात पर विधायक गोकुल सेतिया पूरी तरह बिफर गए। उन्होंने बेहद कड़े शब्दों में जवाब देते हुए कहा, “बदली-वदली को तो मैं छोड़ो, मैं बदली नहीं करवाता हूँ। मैं सीधा दफ्तर आकर बैठता हूँ। और अगर मैं दफ्तर आकर बैठ गया, तो आपको कहीं न कहीं पसीना आ जाएगा। मुझे अच्छी तरह पता है कि पसीना कैसे निकलवाया जाता है।”
विधायक ने साफ किया कि वे अधिकारियों के दफ्तर का घेराव करेंगे और काम न होने की स्थिति में वहीं बैठकर जवाब मांगेंगे। इस तीखी बहस के बाद अब देखना यह होगा कि जनस्वास्थ्य विभाग इस समस्या का समाधान कितनी जल्दी निकालता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m