Business Desk – Gold Silver Price Today : सोने और चांदी की कीमतों में गुरुवार (16 जुलाई) को भी गिरावट जारी रही. लगातार गिरते भाव से जहां आम खरीदारों को राहत मिली है, वहीं ऊंचे स्तर पर निवेश करने वाले निवेशकों की चिंता बढ़ गई है. इस साल 29 जनवरी को सोना और चांदी ने रिकॉर्ड स्तर छुआ था, लेकिन उसके बाद से दोनों की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. खासकर चांदी अपने ऑल टाइम हाई से लगभग आधी रह गई है.

MCX पर आज के भाव

घरेलू कमोडिटी बाजार MCX पर गुरुवार को सोना 1,41,347 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,19,707 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही है. इससे पहले बुधवार को सोना 1,41,900 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,20,750 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी.

ऑल टाइम हाई से कितना टूटा सोना-चांदी?

29 जनवरी 2026 को सोना 1,80,000 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 4,20,000 रुपए प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी. इसके मुकाबले अब सोना करीब 38,653 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी करीब 2 लाख रुपए प्रति किलोग्राम सस्ती हो चुकी है. चांदी की कीमत अपने रिकॉर्ड हाई से लगभग आधी रह गई है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी

अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी बाजार कॉमेक्स (COMEX) में भी सोना और चांदी दबाव में हैं. गुरुवार को गोल्ड 4,043.80 डॉलर प्रति औंस और सिल्वर 57.33 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है. जबकि 29 जनवरी को गोल्ड 5,500 डॉलर प्रति औंस और सिल्वर 121 डॉलर प्रति औंस के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था.

क्या करें निवेशक?

कमोडिटी बाजार में जारी गिरावट के बीच पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी एक्सपर्ट मनोज कुमार जैन ने सलाह दी है कि जिन निवेशकों की लॉन्ग पोजीशन है, वे हर उछाल पर प्रॉफिट बुकिंग करें. वहीं लंबे समय के निवेशकों को घबराने के बजाय अपनी पोजीशन बनाए रखने की सलाह दी गई है.

आज प्रमुख शहरों में चांदी के भाव (रुपए प्रति किलोग्राम)

दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु में चांदी 2,34,900 रुपए प्रति किलोग्राम बिक रही है. वहीं चेन्नई में इसका भाव 2,40,100 रुपए प्रति किलोग्राम है.

आज प्रमुख शहरों में सोने के भाव (रुपए प्रति ग्राम)

दिल्ली में 24 कैरेट सोना 14,373 रुपए, 22 कैरेट 13,176 रुपए और 18 कैरेट 10,783 रुपए प्रति ग्राम है. मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु में 24 कैरेट सोना 14,358 रुपए, जबकि चेन्नई में 14,345 रुपए प्रति ग्राम बिक रहा है. हैदराबाद में 24 कैरेट सोने का भाव 14,358 रुपए प्रति ग्राम है.

क्यों गिर रही हैं सोने-चांदी की कीमतें?

विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव तथा कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर वैश्विक कमोडिटी बाजार पर पड़ रहा है.

हालांकि अमेरिका की महंगाई दर उम्मीद से कम रही है, लेकिन तेल की बढ़ती कीमतों के कारण यह आशंका बढ़ गई है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व भविष्य में ब्याज दरें बढ़ा सकता है. इसी वजह से सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है.