Business Desk – Gold Silver Price Today : सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार (27 जुलाई) को सोना और चांदी दोनों की कीमतों में मजबूत तेजी दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में करीब 7 फीसदी की गिरावट और अमेरिका-ईरान के बीच शांति वार्ता की बढ़ती उम्मीदों ने कमोडिटी बाजार का माहौल बदल दिया है।इसका असर घरेलू बाजार पर भी साफ दिखाई दिया। फेडरल रिजर्व की अहम बैठक से पहले निवेशकों की नजर अब सोना-चांदी की चाल पर टिकी हुई है।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोमवार को सोने की कीमत में 934 रुपए प्रति 10 ग्राम की तेजी दर्ज की गई, जिसके बाद इसका भाव 1 लाख 44 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं चांदी भी 1,903 रुपए प्रति किलोग्राम महंगी होकर 2 लाख 24 हजार 204 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को एमसीएक्स पर 24 कैरेट सोना 1 लाख 43 हजार 66 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2 लाख 22 हजार 301 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
ग्लोबल मार्केट से भी मिला सपोर्ट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में मजबूती देखने को मिली। सोमवार सुबह कॉमेक्स (COMEX) पर सोना 0.90 फीसदी की तेजी के साथ 4,107.40 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं चांदी 1.77 फीसदी बढ़कर 59.950 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती नजर आई। ग्लोबल मार्केट की इस तेजी का असर भारतीय बाजार में भी देखने को मिला।
देश के बड़े शहरों में आज का सोने का भाव
सोने की कीमतें शहरों के हिसाब से अलग-अलग बनी हुई हैं। दिल्ली में 24 कैरेट सोना 14 हजार 507 रुपए प्रति ग्राम और 22 कैरेट सोना 13 हजार 299 रुपए प्रति ग्राम बिक रहा है। मुंबई में 24 कैरेट सोना 14 हजार 492 रुपए और 22 कैरेट 13 हजार 284 रुपए प्रति ग्राम है।
चेन्नई में 24 कैरेट सोने का भाव 14 हजार 508 रुपए और 22 कैरेट का भाव 13 हजार 299 रुपए प्रति ग्राम है। बेंगलुरु, कोलकाता और हैदराबाद में 24 कैरेट सोना 14 हजार 492 रुपए तथा 22 कैरेट सोना 13 हजार 284 रुपए प्रति ग्राम पर बिक रहा है। वहीं अहमदाबाद में 24 कैरेट सोना 14 हजार 497 रुपए और 22 कैरेट सोना 13 हजार 289 रुपए प्रति ग्राम है।
18 कैरेट सोने की बात करें तो दिल्ली में इसका भाव 10 हजार 884 रुपए प्रति ग्राम, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता और हैदराबाद में 10 हजार 869 रुपए प्रति ग्राम, जबकि चेन्नई में 11 हजार 114 रुपए प्रति ग्राम है।
देश के प्रमुख शहरों में चांदी का भाव
देश के प्रमुख शहरों में 1 किलो चांदी की कीमत 2 लाख 39 हजार 900 रुपए बनी हुई है। दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोलकाता में चांदी इसी स्तर पर बिक रही है।
तेल की कीमतों में गिरावट का दिखा असर
विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने से कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। इससे वैश्विक महंगाई को लेकर चिंता कुछ कम हुई है। बाजार को उम्मीद है कि इस सप्ताह होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक में ब्याज दरों को फिलहाल स्थिर रखा जा सकता है। यही उम्मीद सोना और चांदी की कीमतों को समर्थन दे रही है।
हालांकि फेड चेयरमैन पहले ही संकेत दे चुके हैं कि वर्ष 2026 में एक बार ब्याज दरों में बढ़ोतरी की जा सकती है। उनका कहना है कि महंगाई को नियंत्रित रखना फेड की प्राथमिकता बनी हुई है।
एक्सपर्ट्स की क्या है राय?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल सोना और चांदी में तेजी का रुख बना हुआ है, लेकिन आगे की दिशा पूरी तरह वैश्विक घटनाक्रम और फेडरल रिजर्व के फैसले पर निर्भर करेगी। यदि पश्चिम एशिया में तनाव दोबारा बढ़ता है तो सोना सुरक्षित निवेश के रूप में फिर मजबूत हो सकता है।
वहीं निवेश बैंक Goldman Sachs ने सोने के लिए अपने पूर्वानुमान में 500 डॉलर प्रति औंस की कटौती की है। ब्रोकरेज का मानना है कि यदि अमेरिकी फेड ब्याज दरों में बढ़ोतरी करता है और कच्चे तेल की कीमतें सामान्य स्तर पर बनी रहती हैं, तो सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है। इसलिए निवेशकों को आने वाले दिनों में वैश्विक घटनाक्रम और फेड के फैसले पर नजर बनाए रखनी चाहिए।


