Business Desk – Gold Silver Price Today : अगर आप सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की है. देशभर में सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है. 18 जुलाई की सुबह राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,42,670 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,30,790 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. वहीं, मुंबई में 24 कैरेट सोने का भाव 1,42,520 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,30,640 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया.

एक दिन पहले दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत 800 रुपये घटकर 1,45,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई थी. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने पर दबाव बना हुआ है और स्पॉट गोल्ड 3,992 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है.
आखिर सोना सस्ता क्यों हो रहा है?
आमतौर पर युद्ध या वैश्विक तनाव के समय निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर सोना खरीदते हैं, लेकिन इस बार स्थिति अलग है. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है. इससे महंगाई बढ़ने की आशंका मजबूत हुई है.
महंगाई बढ़ने पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व समेत दुनिया के कई केंद्रीय बैंक ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचा रख सकते हैं. ऊंची ब्याज दरों का सीधा असर सोने पर पड़ता है, क्योंकि सोने पर कोई ब्याज नहीं मिलता. ऐसे में निवेशक बेहतर रिटर्न के लिए बॉन्ड और अन्य ब्याज देने वाले निवेश विकल्पों की ओर रुख करने लगते हैं. यही वजह है कि सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है.
किस शहर में कितना है सोने का भाव?
- राजधानी दिल्ली में 22 कैरेट सोना 1,30,790 रुपये और 24 कैरेट सोना 1,42,670 रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है. मुंबई और कोलकाता में 22 कैरेट सोने का भाव 1,30,640 रुपये और 24 कैरेट सोने का भाव 1,42,520 रुपये है.
- चेन्नई में 22 कैरेट सोना 1,30,990 रुपये और 24 कैरेट सोना 1,42,900 रुपये प्रति 10 ग्राम है. वहीं अहमदाबाद और भोपाल में 22 कैरेट सोना 1,30,690 रुपये तथा 24 कैरेट सोना 1,42,570 रुपये पर कारोबार कर रहा है.
- इसके अलावा जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ में 22 कैरेट सोने का भाव 1,30,790 रुपये और 24 कैरेट सोना 1,42,670 रुपये प्रति 10 ग्राम है. हैदराबाद में 22 कैरेट सोना 1,30,640 रुपये और 24 कैरेट सोना 1,42,520 रुपये दर्ज किया गया.
चांदी की कीमत में भी आई नरमी
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट बनी हुई है. 18 जुलाई की सुबह चांदी 2,29,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही है. घरेलू बाजार में आभूषण कारोबारियों और इंडस्ट्री की ओर से कमजोर खरीद के कारण चांदी पर दबाव बना हुआ है. लगातार मुनाफावसूली का असर भी कीमतों पर दिख रहा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट सिल्वर 55.37 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है.
आगे क्या रह सकती है चाल?
बाजार की नजर अब अमेरिका में ब्याज दरों और वैश्विक घटनाक्रम पर टिकी है. यदि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और महंगाई का दबाव बना रहता है, तो सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है. ऐसे में निवेशकों और खरीदारों के लिए अगले कुछ दिन अहम रहने वाले हैं.

