वाराणसी. काशी विश्वनाथ मंदिर के स्वर्ण शिखर से सोना गायब होने के दावा किया जा रहा है. अधिवक्ता नित्यानंद राय ने इसकी शिकायत यूपी सीएम शिकायत पोर्टल और PMO में की है. इधर काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने ज्ञापन जारी कर बताया है कि सोना गायब नहीं है, स्वर्ण शिखर सुरक्षित लॉकर में रखा है.
जानकारी के मुताबिक वाराणसी के अधिवक्ता नित्यानंद राय ने मंदिर के स्वर्ण शिखर से सोना गायब होने का आरोप लगाया है. नित्यानंद राय ने बताया कि मंदिर के शिखर में कुछ जगह से सोना गायब हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया है कि इस संबंध में मंदिर प्रशासन की ओर से किसी भी तरीके की जानकारी नहीं दी जा रही है. मंदिर प्रशासन ने सोना गायब होने वाले स्थान पर पीले रंग का पेंट कराया है.
इसे भी पढ़ें : CM योगी का डबल ऐलान! सफाईकर्मियों को 16 हजार मानदेय, माफिया की जमीन पर गरीबों का आशियाना
नित्यानंद ने कहा कि हमने इसको लेकर के पीएमओ और मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा है. वहीं मंदिर ट्रस्ट का कहना है कि स्वर्ण शिखर लॉकर में सुरक्षित है. IIT मद्रास से संपर्क किया गया है. जल्द हीं इसे स्थापित कराया जाएगा.
मंदिर न्यास का कहना है कि श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास मंदिर की प्राचीन संरचना, धार्मिक गरिमा एवं ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है. शिखर के संरक्षण एवं मरम्मत से संबंधित कार्यवाही विशेषज्ञों के तकनीकी परामर्श तथा वैज्ञानिक पद्धति के अनुरूप आगे बढ़ाई जा रही है, ताकि मूल संरचना की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए आवश्यक कार्य संपन्न कराया जा सके.

