वाराणसी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफाईकर्मियों के लिए न्यूनतम 16 हजार रुपये मानदेय देने की बात कही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर किसी सफाईकर्मी के मानदेय से अवैध कटौती की गई, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. सफाईकर्मियों को पीएफ, सुरक्षा बीमा और इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराने की बात कही गई है.
इसे भी पढ़ें- यूपी पंचायत चुनाव पर हाईकोर्ट का डंडा, कांग्रेस बोली- सरकार को डर क्या था?
सीएम योगी गुरुवार (15 अक्टूबर 2026) को वाराणसी पहुंचे. उन्होंने काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया. इसके बाद पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस में आयोजित समारोह में सफाईकर्मियों का सम्मान किया. इस दौरान उन्होंने उनके काम की सराहना की और सुविधाएं बढ़ाने का भरोसा दिया.
सफाईकर्मियों को मिलेगा 16 हजार रुपये मानदेय
मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाईकर्मी सुबह लोगों के उठने से पहले ही शहर को स्वच्छ बनाने में जुट जाते हैं. उनके परिश्रम से लोगों को साफ वातावरण मिलता है. इसलिए उनके सम्मान और आर्थिक सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है. उन्होंने न्यूनतम 16 हजार रुपये मानदेय देने की बात कही. साथ ही चेतावनी दी कि मानदेय में कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
PF, सुरक्षा बीमा और इलाज की सुविधा
योगी ने कहा कि सफाईकर्मियों को पीएफ और सुरक्षा बीमा जैसी सुविधाएं मिलनी चाहिए. उनके इलाज और दवाओं के खर्च की व्यवस्था पर भी जोर दिया. मुख्यमंत्री के मुताबिक, ऐसी व्यवस्था की जाएगी जिससे सफाईकर्मियों को अस्पताल में इलाज कराने में परेशानी न हो. उन्होंने यह भी कहा कि किसी सफाईकर्मी की मृत्यु होने पर उसके परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी.
इसे भी पढ़ें- योगी का पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना, बोले- बेटियों के बजाय राजनीतिक कुनबे को पोषित करने में जुटी थीं
माफिया की जमीन पर गरीबों के लिए बनेंगी इमारतें
सीएम योगी ने माफिया के खिलाफ कार्रवाई का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि माफिया से खाली कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए बड़ी-बड़ी इमारतें बनाई जाएंगी. उन्होंने माफिया पर सख्त कार्रवाई का संदेश देते हुए कहा कि अब उनके लिए कोई जगह नहीं है. मुख्यमंत्री ने गरीबों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में खाली कराई गई जमीन के इस्तेमाल की बात कही.

