Technology Desk – Google Apps Battery Drain Issue : अगर आपका स्मार्टफोन बार-बार चार्ज करना पड़ रहा है और बैटरी उम्मीद से ज्यादा तेजी से खत्म हो रही है, तो इसकी वजह सिर्फ पुरानी बैटरी नहीं हो सकती। कई बार फोन में मौजूद कुछ ऐप्स बैकग्राउंड में लगातार काम करते रहते हैं। ये इंटरनेट, लोकेशन, सिंक और प्रोसेसर का इस्तेमाल करते हैं, जिससे बैटरी की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में कुछ जरूरी सेटिंग्स बदलकर बैटरी बैकअप बेहतर किया जा सकता है।

Chrome: ज्यादा टैब खोलने की आदत पड़ सकती है भारी
अगर Google Chrome में कई टैब एक साथ खुले रहते हैं, तो फोन की रैम और प्रोसेसर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसके अलावा बैकग्राउंड में चलने वाले वेब पेज, ऑटो रिफ्रेश और विज्ञापन भी बैटरी खर्च बढ़ा सकते हैं। जिन टैब की जरूरत न हो, उन्हें समय-समय पर बंद करते रहें।
YouTube: हाई क्वालिटी वीडियो तेजी से घटाती है बैटरी
YouTube पर लंबे समय तक 1080p, 2K या 4K वीडियो देखने से बैटरी तेजी से कम होती है। हाई रिजॉल्यूशन वीडियो चलाने के लिए फोन को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। बैटरी बचाने के लिए वीडियो क्वालिटी Auto या 720p पर रखें और जहां संभव हो Wi-Fi का इस्तेमाल करें।
Gmail: लगातार सिंक भी बढ़ा सकता है बैटरी की खपत
अगर Gmail में कई ईमेल अकाउंट जुड़े हैं, तो ऐप नए मेल चेक करने के लिए बार-बार सिंक करता रहता है। यही प्रक्रिया बैटरी की खपत बढ़ा सकती है। जिन अकाउंट का कम इस्तेमाल होता है, उनके सिंक इंटरवल को कम किया जा सकता है।
Google Maps: GPS सबसे बड़ा कारण
Google Maps इस्तेमाल करते समय GPS, मोबाइल डेटा और स्क्रीन एक साथ सक्रिय रहते हैं। यही वजह है कि नेविगेशन के दौरान बैटरी तेजी से खत्म होती है। अगर लोकेशन की जरूरत नहीं है, तो GPS बंद कर दें और बैकग्राउंड में लोकेशन एक्सेस की अनुमति भी सीमित रखें।
Google Home: स्मार्ट डिवाइस से जुड़े रहने की कीमत
Google Home ऐप स्मार्ट स्पीकर, कैमरा, लाइट और दूसरे स्मार्ट डिवाइस से लगातार कनेक्शन बनाए रखता है। इसके लिए Bluetooth, Wi-Fi और Location जैसी सुविधाएं सक्रिय रहती हैं, जिससे बैटरी की खपत बढ़ सकती है। उपयोग न होने पर इन सेवाओं को बंद रखना बेहतर रहेगा।
बैटरी बैकअप बढ़ाने के आसान तरीके
फोन की Battery Usage रिपोर्ट समय-समय पर देखें और पता करें कि कौन-सा ऐप सबसे ज्यादा बैटरी खर्च कर रहा है। जिन ऐप्स का कम इस्तेमाल करते हैं, उनकी Background Activity बंद करें। स्क्रीन की ब्राइटनेस Auto या कम रखें, जरूरत होने पर ही GPS, Bluetooth और Wi-Fi चालू करें। साथ ही सभी ऐप्स को नियमित रूप से अपडेट करते रहें, क्योंकि नए अपडेट में बैटरी ऑप्टिमाइजेशन और परफॉर्मेंस सुधार शामिल होते हैं।
ध्यान रखें
हर फोन में बैटरी की खपत अलग-अलग हो सकती है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि ऐप का इस्तेमाल कितनी देर किया गया, कौन-सी सेटिंग्स चालू हैं और फोन का हार्डवेयर कैसा है। इसलिए बैटरी जल्दी खत्म होने पर सबसे पहले Battery Usage सेक्शन में जाकर वास्तविक कारण जरूर जांचें।


