Technology Desk: Google ने Windows यूजर्स के लिए अपना Gemini ऐप लॉन्च कर दिया है। अब यूजर्स को Gemini इस्तेमाल करने के लिए बार-बार ब्राउजर खोलने की जरूरत नहीं होगी। इस ऐप को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यूजर दूसरे ऐप्स में काम करते हुए भी Gemini का इस्तेमाल कर सकें।
Alt + Space दबाते ही खुलेगा Gemini
Windows के लिए Gemini ऐप का सबसे खास फीचर इसका कीबोर्ड शॉर्टकट है। यूजर सिर्फ Alt + Space दबाकर Gemini को स्क्रीन पर ला सकते हैं।
Gemini एक फ्लोटिंग विंडो में खुलेगा और यूजर अपने काम के दौरान तुरंत सवाल पूछ सकेंगे। उदाहरण के लिए किसी डॉक्यूमेंट की जानकारी चेक करनी हो, किसी विषय पर जानकारी चाहिए या नए आइडिया चाहिए, तो ब्राउजर बदलने की जरूरत नहीं होगी।
काम पूरा होने के बाद यूजर आसानी से अपने पुराने ऐप पर वापस जा सकेंगे।

बड़े कामों के लिए मिलेगा डेडिकेटेड वर्कस्पेस
अगर यूजर को किसी बड़े या लंबे टास्क पर काम करना है तो Gemini ऐप में डेडिकेटेड वर्कस्पेस भी दिया गया है। इसमें Gemini के वेब वर्जन जैसी कई सुविधाएं मिलेंगी।
Google के मुताबिक, इसमें Gemini Spark भी शामिल है। यह AI एजेंट मल्टी-स्टेप टास्क को पूरा करने में मदद करता है।
Gmail और Google Drive से भी कनेक्ट होगा
Gemini ऐप को Gmail और Google Drive जैसी Google सेवाओं से भी जोड़ा जा सकता है। इसके बाद Gemini इन सेवाओं में मौजूद जरूरी जानकारी का इस्तेमाल करके यूजर के काम को आसान बना सकता है।
उदाहरण के तौर पर, यूजर अपने Google ऐप्स में सेव जानकारी के आधार पर Gemini से किसी प्रोजेक्ट की समरी तैयार करवा सकता है।
इमेज और वीडियो बनाने की सुविधा भी
Windows ऐप में Google के AI इमेज और वीडियो जनरेशन टूल्स का भी सपोर्ट दिया गया है। यूजर Nano Banana की मदद से इमेज बना सकते हैं, जबकि वीडियो जनरेशन के लिए Gemini Omni का इस्तेमाल किया जा सकता है।
PC की स्पीड पर कम पड़ेगा असर
Google का कहना है कि Gemini Windows ऐप को हल्का रखा गया है। कंपनी के मुताबिक, यह बैकग्राउंड में आसानी से चल सकता है और PC की परफॉर्मेंस पर ज्यादा असर नहीं डालेगा।
Google ने यह भी कहा है कि Windows के लिए Gemini ऐप की शुरुआत अभी हुई है। आने वाले अपडेट्स में इसमें और कई नेटिव डेस्कटॉप फीचर्स जोड़े जाएंगे।
Windows 10 और 11 पर चलेगा Gemini ऐप
Windows के लिए Gemini ऐप ग्लोबली उपलब्ध कराया गया है। यह Windows 10 और Windows 11 पर चलने वाले PCs को सपोर्ट करता है।
यानी अब Windows यूजर्स बिना ब्राउजर खोले सीधे अपने डेस्कटॉप से Google के AI असिस्टेंट Gemini का इस्तेमाल कर सकेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



