Gopal Khemka Murder Case : पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जाने-माने बिजनेसमैन गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना उनके आवास के पास स्थित एक अपार्टमेंट की है, जहां जैसे ही वे अपनी कार से उतरे, घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी. खेमका की मौत बाद इस घटना पर सियासत भी शुरु हो गई है.
इसी कड़ी में सासाराम के नोखा में जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने भी गोपाल खेमका हत्याकांड पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि लालू यादव के जगंलराज में और नीतीश कुमार के राज में कोई अंतर नहीं है. लालू के राज में अपराधियों का तांड़व था, तो नीतीश के राज में अधिकारियों का तांड़व हैं. जनता की बदहाली जितनी उस समय थी, उतनी ही इस समय भी है.
प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश सरकार का इकबाल पूरी तरह से खत्म हो गया है. आज अधिकारी जिस तरह से मनमानी कर रहे हैं और किसी से नहीं डरते. ठीक उसी प्रकार एक समय बिहार में अपराधी मनमानी करते थे और किसी से नहीं डरते थे. बिहार के एक बड़े व्यवसायी की जिस तरह से हत्या की गई. इसके बाद पूरा कारोबारी समाज दहशत में है.

