भागलपुर के गोपालपुर से जदयू के पूर्व विधायक गोपाल मंडल के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बाढ़ के पानी में डूबने से उनके 18 वर्षीय भतीजे शुभम कुमार की मौत हो गई है। यह दुखद हादसा तब हुआ जब शुभम घर पर हुई भागवत कथा के समापन के बाद पूजा सामग्री और प्रतिमा का विसर्जन करने गंगा नदी के पास गया था। विसर्जन के दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। पूर्व विधायक ने बताया कि उनके भतीजे को तैरना नहीं आता था, जिस कारण वह हादसे का शिकार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया और करीब 18 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
एक साल पहले हुई थी शादी, परिवार में मचा कोहराम
मृतक शुभम तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और उसकी शादी महज एक साल पहले ही हुई थी। इस अचानक हुई दुर्घटना के बाद से उसकी पत्नी सोनी कुमारी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
सम्राट चौधरी पर तीखा हमला और कांग्रेस में जाने का संकेत
शव मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे गोपाल मंडल ने राज्य सरकार और प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राघोपुर में बाढ़ राहत कार्य के दौरान हुए नाव हादसे और मजदूरों के लापता होने पर सवाल खड़े किए। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री और सरकार की कार्यप्रणाली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सम्राट चौधरी सस्ते सीएम हैं और सिर्फ चेहरा दिखाने से समस्याओं का समाधान नहीं होता, बल्कि बाढ़ और कटाव का स्थायी समाधान तथा पीड़ित परिवारों को मुआवजा मिलना चाहिए।
इसके साथ ही गोपाल मंडल ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचाते हुए कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने मीडिया के सामने कांग्रेस में जाने की इच्छा जताई है और भविष्य में लोकसभा चुनाव लड़ने की भी उनकी योजना है।



