अनुज पांडेय, गोपालगंज। जिले के लाइन बाजार-मीरगंज मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक अनियंत्रित बस ने 22 वर्षीय छात्रा को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान लाइन बाजार निवासी भोला प्रसाद की पुत्री मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
सबेया फील्ड जा रही थी छात्रा
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मुस्कान कुमारी प्रतिदिन की तरह पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी के सिलसिले में सबेया फील्ड में संचालित डिफेंस ट्रेनिंग सेंटर जा रही थी। शारीरिक अभ्यास और ट्रेनिंग के लिए घर से निकली मुस्कान जब साहेबाचक गांव के समीप पहुंची, तभी वहां से गुजर रही एक तेज रफ्तार और बेकाबू बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि छात्रा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक मौके से बस समेत फरार होने में कामयाब रहा।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर लगाया जाम
हादसे से गुस्साए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने साहेबाचक से लाइन बाजार चौक तक विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित भीड़ ने मुख्य मार्ग पर बांस-बल्ले लगाकर आवागमन पूरी तरह से ठप कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगें फरार बस चालक की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे का प्रावधान और इस क्षेत्र में बेलगाम दौड़ने वाले वाहनों पर लगाम कसना थीं। सड़क जाम होने के कारण मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया और उन्हें निष्पक्ष तथा त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस ने मृत छात्रा के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही, फरार बस और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन का दावा है कि आरोपी चालक को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



