अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। जिले में आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी का एक बेहद खूनी खेल सामने आया है। कुचायकोट थाना क्षेत्र में एक 40 वर्षीय किसान की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान कुचायकोट थाना क्षेत्र के रामपुर माधो बलुआ टोला निवासी मोहन यादव (40 वर्ष), पिता हरकेश यादव के रूप में की गई है। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण मोहन का पहले अपहरण किया गया और फिर सुनसान इलाके में ले जाकर उनकी हत्या कर दी गई।
बाजार से घर लौटते समय अपहरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बीती 31 तारीख की शाम को शुरू हुई। मोहन यादव अपने घर से कुछ ही दूरी पर स्थित मठिया नंदलाल बाजार में घरेलू सामान की खरीदारी करने के लिए निकले थे। बाजार से लौटते समय, पहले से ही घात लगाए बैठे कुछ अपराधियों ने उन्हें रास्ते में ही दबोच लिया। आरोप है कि हमलावरों ने जबरन मोहन यादव को अपने साथ ले लिया और वहां से फरार हो गए। देर रात तक जब मोहन घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका।
परिजनों ने लगाया चाकू गोदकर हत्या का आरोप
घटना के अगले दिन विशम्भरपुर थाना क्षेत्र के गुमानिया दियारा स्थित विजयपुर चावर में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने जब शव को देखा, तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने शव की शिनाख्त मोहन यादव के रूप में की।मृतक के परिजनों ने गांव के ही दो लोगों पर अपहरण और हत्या का सीधा आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दोनों आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर मोहन यादव का अपहरण किया और उन्हें सुनसान दियारा क्षेत्र में ले गए, जहां चाकू से गोदकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को चावर में फेंक दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मामला पूरी तरह से पुरानी दुश्मनी और आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की सभी कोणों से गहनता से जांच की जा रही है।
इस जघन्य हत्याकांड के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

