अनुज कुमार पाण्डेय, गोपालगंज। जिला पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल उचकागांव थाना क्षेत्र के असनंद टोला में अपने गर्लफ्रेंड का बर्थडे मनाने के लिए निकले युवक की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने युवक का शव उसके घर से निकलने के दो दिन बाद जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के गंडक नदी के सलेमपुर घाट से बरामद करने का दावा किया है।

बताया जा रहा है कि उचकागांव थाना क्षेत्र के असनंद टोला के सुभाष शर्मा के 31 वर्षीय बेटे सुनील कुमार शर्मा 6 सितंबर की शाम चार बजे अपने गांव के दोस्त विजय कुमार सिंह के साथ घर से कहीं जाने के लिए निकले। देर शाम उनके दोस्त घर वापस आ गए। परंतु सुनील कुमार शर्मा अगले दिन भी वापस नहीं आए। जिसके बाद सुनील के बड़े भाई सुधीर शर्मा ने जब विजय कुमार सिंह से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि सुनील मोबाइल पर बात करने वाली अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बर्थडे मनाने के लिए कहकर कहीं चले गए हैं। वहीं अगले दिन वापस आने की बात कही थी।

कई दिन बाद भी जब सुनील का पता नहीं चला तो मामले में लापता युवक के भाई सुधीर शर्मा के आवेदन पर उचकागांव थाना क्षेत्र के असनंद टोला गांव निवासी उनके दोस्त विजय कुमार सिंह और बंकीखाल चमर टोली निवासी 25 वर्षीय गर्लफ्रेंड रंजीता कुमारी के विरुद्ध थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वैसे युवक के घर से निकलने के दो दिन बाद ही जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के होकर गुजरने वाले गंडक नदी के सलेमपुर घाट से एक शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

उचकागांव पुलिस ने बरामद शव की पहचान उचकागांव थाना क्षेत्र के असनंद टोला गांव निवासी लापता युवक सुनील कुमार शर्मा के रूप में की गई थी। इसके बाद पुलिस अपहरण मामले को हत्याकांड मामले में परिवर्तित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी थी। मामले में पुलिस ने हत्याकांड मामले में नामजद गर्लफ्रेंड रंजीता कुमारी को उसके घर पर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया।

इस दौरान पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्याकांड मामले में शामिल सिधवलिया थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी संदीप कुमार और रविश कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर पूछताछ करने के बाद शनिवार के दिन ही न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें- कब सुधरेंगे बिहार के अस्पताल? सारण में टूटे पैर पर प्लास्टर की जगह कार्टन बांधकर मरीज को किया रेफर