अनुज पांडेय, गोपालगंज। जिले में तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों का कहर एक बार फिर दो चिरागों को बुझा गया। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजारी बाईपास के पास घटे एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अज्ञात वाहन दोनों को जोरदार टक्कर मारते हुए तेजी से फरार हो गया। इस असमय दुर्घटना के बाद जहां मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं स्थानीय नागरिकों का गुस्सा एनएचएआई (NHAI) और स्थानीय प्रशासन की लचर व्यवस्था पर फूट पड़ा है।
अनियंत्रित वाहन ने ली दो युवकों की जान
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना नगर थाना क्षेत्र के बंजारी बाईपास मोड़ के समीप घटी। मृतकों की शिनाख्त कुचायकोट प्रखंड के नरहवा सुकुल निवासी शैलेश कुमार राय और बरनैया गांव निवासी हर्षित ठाकुर के रूप में हुई है। दोनों युवक अपने किसी निजी कार्य को निपटाने के लिए बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वे बंजारी बाईपास सड़क पार करने लगे, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी से वाहन की तलाश
हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों का भारी जमावड़ा लग गया। घटना की सूचना मिलने पर नगर थाने की पुलिस दल-बल के साथ पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, भाग निकले अज्ञात वाहन का सुराग लगाने के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।
एनएचएआई की लचर व्यवस्था पर फूटा लोगों का गुस्सा
घटना से नाराज ग्रामीणों और राहगीरों ने एनएचएआई के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि बंजारी बाईपास मोड़ की बनावट त्रुटिपूर्ण है, जिसके कारण यह स्थान दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। पर्याप्त सुरक्षा संकेतों, बैरिकेडिंग और उचित लाइटिंग की कमी के चलते यह कट वाहन चालकों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थान पर तुरंत सुधारात्मक कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

