अनुज पांडेय/ गोपालगंज। शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पिछले तीन दिनों से लापता एक नगर परिषद सफाईकर्मी का शव एक खुले नाले से बरामद किया गया है। घटना नगर थाना क्षेत्र के रामनरेश नगर मोहल्ले की है। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

​बदबू आने पर हुआ खुलासा

मृतक की पहचान 35 वर्षीय चुन्नी राम के रूप में हुई है, जो गोपालगंज नगर परिषद में सफाईकर्मी के पद पर तैनात थे। परिजनों के मुताबिक, चुन्नी राम पिछले तीन दिनों से अचानक लापता हो गए थे। परिवारवाले अपने स्तर पर लगातार उनकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। गुरुवार की सुबह रामनरेश नगर मोहल्ले में घर के पास स्थित एक खुले नाले से तेज बदबू आने लगी। जब स्थानीय लोगों ने नाले के पास जाकर देखा, तो उसमें एक शव पड़ा हुआ था। इसके तुरंत बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

​कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया शव

घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले घटनास्थल की बारीकी से जांच की और फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत कर शव को नाले से बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

​खुले नाले ने ली जान?

मोहल्ले के निवासियों ने बताया कि जिस नाले से शव मिला है, उस पर स्लैब नहीं लगा हुआ था और वह पूरी तरह खुला था। परिजनों ने आशंका जताई है कि संभवतः खाने-पीने के दौरान पैर फिसलने या अनियंत्रित होने के कारण चुन्नी राम नाले में गिर गए होंगे और डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस अभी किसी भी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।

​क्या कहती है पुलिस?

नगर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल परिजनों की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।