गोरखपुर. बड़हलगंज कोतवाली में बुधवार(23 सितंबर) को किन्नरों के दो गुटों के बीच सीमा क्षेत्र को लेकर जमकर विवाद हो गया. दोनों पक्षों के करीब 400 किन्नर लग्जरी वाहनों से थाने पहुंच गए, देखते ही देखते थाना परिसर में हंगामा और कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर पुलिस को अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी. पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और बाद में उनके बीच समझौता कराया.

इसे भी पढ़ें- न UP, न बिहार… देश के इन 4 राज्यों के लोगों को नौकरी नहीं देगा A1 Sports World कंपनी का CEO, मचा बवाल

बधाई वसूली के इलाके को लेकर विवाद

बताया जा रहा है कि किन्नरों के दो गुटों के बीच कई दिनों से क्षेत्र के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. देवरिया क्षेत्र के किन्नर सरोज के नेतृत्व में एक गुट और बड़हलगंज क्षेत्र के किन्नर लल्लन के नेतृत्व में दूसरा गुट विवाह और संतान के जन्म जैसे अवसरों पर यजमानों से बधाई के तौर पर राशि लेते हैं. बड़हलगंज गुट का आरोप था कि देवरिया क्षेत्र के किन्नर उनकी सीमा में आकर बधाई की रकम वसूल रहे हैं, जिससे दोनों पक्षों में विवाद बढ़ रहा था.

थाने में पहुंचते ही बढ़ा विवाद

बुधवार को मामला थाने तक पहुंच गया. बड़ी संख्या में दोनों गुटों के लोग एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की स्थिति भी बन गई. थाना परिसर में तनाव बढ़ने पर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल बुलाया.

पुलिस ने सख्ती से कराया शांत

थाना अध्यक्ष अतुल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया और दोनों गुटों के प्रमुखों को अलग-अलग बुलाकर बातचीत की. पुलिस ने पूरे मामले को समझने के बाद दोनों पक्षों के बीच क्षेत्र की सीमा तय करने की प्रक्रिया शुरू की.

इसे भी पढ़ें- मायावती का बड़ा ऐलान, बसपा अकेले लड़ेगी यूपी चुनाव; ईशान आनंद को मिली अहम जिम्मेदारी

डेरवा तक तय की गई सीमा

थाना अध्यक्ष अतुल कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच सीमांकन को लेकर विवाद था. बातचीत के बाद दोनों गुटों की सीमाएं तय कर दी गई हैं. सहमति बनी कि देवरिया क्षेत्र के किन्नरों को डेरवा तक ही यजमानों से बधाई लेने का अधिकार रहेगा. पुलिस के मुताबिक, समझौते के बाद फिलहाल विवाद शांत है.