गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का खतरनाक असर एक बार फिर देखने को मिला है. गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ इलाके में सोमवार शाम बाइक सवार एक किसान चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया. मांझे की धार इतनी तेज थी कि किसान की गर्दन कट गई और खून तेजी से बहने लगा.
घायल किसान ने हिम्मत नहीं हारी और तुरंत अपनी टी-शर्ट उतारकर गर्दन पर बांध ली, जिससे खून का बहाव कुछ हद तक रुक सका. इसके बाद वह किसी तरह इलाज के लिए डॉक्टर के पास पहुंचे, जहां उनकी गर्दन पर 7 टांके लगाए गए.
इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा मामले में बड़ा अपडेटः SIT की फाइनल रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंपी, 8 नामजद आरोपियों पर होगी कार्रवाई?
सब्जी लेने जा रहे थे किसान, रास्ते में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक नौसड़ निवासी किसान रामप्रताप निषाद (55) सोमवार शाम करीब 6:30 बजे बाइक से हरैया बाजार सब्जी खरीदने जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में अचानक चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया. मांझे की तेज धार से उनकी गर्दन कट गई और वह बाइक से गिर पड़े. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। किसान के गले से तेजी से खून निकलने लगा.
टी-शर्ट से बांधी गर्दन, खुद पहुंच गए डॉक्टर के पास
रामप्रताप निषाद ने बताया कि घटना के बाद सबसे पहले उन्होंने खून रोकने की कोशिश की. उन्होंने अपनी टी-शर्ट उतारी और उसे गर्दन पर बांध लिया. इसके बाद घायल हालत में वह किसी तरह चौराहे पर स्थित डॉक्टर के पास पहुंचे. डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद घायल किसान का इलाज शुरू किया. डॉक्टरों ने गर्दन के कटे हिस्से पर 7 टांके लगाए. फिलहाल किसान की हालत स्थिर बताई जा रही है.
चाइनीज मांझे को लेकर लोगों में बढ़ी चिंता
घटना के बाद इलाके के लोगों में चाइनीज मांझे को लेकर नाराजगी बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद बाजार में इसकी बिक्री और इस्तेमाल जारी है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चाइनीज मांझे की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.
इसे भी पढ़ें- यूपी में मानसून का कहर जारी: 15 शहर डूबे, मंदिर जलमग्न, एक्सप्रेस-वे धंसा, स्कूल बंद!
चाइनीज मांझे से पहले भी कई जगहों पर लोगों के घायल होने और गंभीर दुर्घटनाओं के मामले सामने आते रहे हैं. खासतौर पर बाइक सवारों और राहगीरों के लिए यह जानलेवा साबित हो रहा है.


