गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में खाकी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि डायल-112 में तैनात एक सिपाही ने जिला अस्पताल से 10 साल की बच्ची को अगवा कर उसकी हत्या कर दी. आरोपी ने शव को नदी में फेंक दिया था. गुरुवार सुबह पुलिस ने आरोपी सिपाही की निशानदेही पर बच्ची का शव बरामद कर लिया.
पुलिस को आशंका है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
इसे भी पढ़ें- स्कूल बंद करने के आरोप पर अखिलेश को संदीप सिंह का जवाब, ‘PDA नहीं, Propaganda Delivery by Akhilesh’
अस्पताल से घर लौटते समय गायब हुई बच्ची, परिवार ने दर्ज कराई थी शिकायत
मामला गोरखपुर जिला अस्पताल का है. आजमगढ़ के कप्तानगंज थाना क्षेत्र निवासी परिवार पिछले चार साल से गोरखपुर में किराए पर रह रहा है. पिता ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. बताया गया कि बच्ची की बड़ी बहन जिला अस्पताल में भर्ती थी. 28 जुलाई की रात 10 साल की बच्ची अपनी बहन के लिए खाना लेकर अस्पताल पहुंची थी. रात करीब 10 बजे वह घर लौटने के लिए निकली, लेकिन वापस नहीं पहुंची. परिजनों ने काफी तलाश के बाद पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए 10 टीमें गठित कीं.
CCTV फुटेज में दिखा सिपाही, पूछताछ में कबूल किया अपराध
पुलिस ने अस्पताल और आसपास लगे करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच में एक वीडियो सामने आया, जिसमें वर्दी पहना सिपाही बच्ची का पीछा करता दिखाई दिया. फुटेज में आरोपी बच्ची के पास बाइक रोककर उससे बातचीत करता है. कुछ देर बाद बच्ची उसकी बाइक पर बैठ जाती है. पुलिस ने इसी आधार पर आरोपी सिपाही अभिषेक यादव को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया. उसकी निशानदेही पर गुरुवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे बच्ची का शव बरामद किया गया.
बहन ने बताई पूरी कहानी, वर्दी का सहारा लेकर दिया भरोसा
बच्ची की बड़ी बहन ने पुलिस को बताया कि अस्पताल में एक वर्दी पहना व्यक्ति उनके पास आया था. उसने घर का पता पूछा और कहा कि रात ज्यादा हो गई है, वह घर छोड़ देगा. परिजनों के मुताबिक आरोपी ने बच्ची को भरोसे में लिया और फिर बाइक पर बैठाकर ले गया. पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया.
इसे भी पढ़ें- राजभर का अखिलेश पर हमला, बोले- कुर्मी समाज से आखिर इतनी नाराजगी क्यों?
पहले भी विवादों में रहा है आरोपी सिपाही, बर्खास्तगी की तैयारी
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि आरोपी सिपाही अभिषेक यादव गोरखपुर में डायल-112 में तैनात था. जनवरी 2025 में बंगाल की एक महिला से छेड़छाड़ के मामले में उसे निलंबित किया गया था और जेल भी भेजा गया था. बाद में सितंबर 2025 में उसकी बहाली हुई थी. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है. एसएसपी के अनुसार आरोपी को बर्खास्त करने के लिए रिपोर्ट भेजी गई है और उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी.


