सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में महावृक्षारोपण अभियान के तहत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रविवार को लखनऊ स्थित जन भवन परिसर में सफेद चंदन का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया. इस अवसर पर जन भवन की नक्षत्र वाटिका में कुल 29 चंदन के पौधे लगाए गए. पौधरोपण कार्यक्रम में जन भवन के अधिकारियों, कर्मचारियों और राजकीय बालगृह (बालिका) सिंधीखेड़ा की बच्चियों ने भी भाग लिया.
पौधरोपण के बाद राज्यपाल ने कहा कि आज विश्व जिन पर्यावरणीय और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहा है, उसके पीछे प्रकृति के प्रति हमारी उपेक्षा प्रमुख कारण है. उन्होंने कहा कि दूषित जल, प्रदूषित वातावरण और अस्वस्थ जीवनशैली गंभीर चिंता का विषय हैं. ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लेना चाहिए.
इसे भी पढ़ें : पौधरोपण महाअभियान का गोरखपुर से शुभारंभ, सुबह 11 बजे तक रोपे गए 14 करोड़ से ज्यादा पौधे
राज्यपाल ने गृहणियों से बाजार में मिलने वाले मिलावटी खाद्य पदार्थों के बजाय घर का शुद्ध और पौष्टिक भोजन अपनाने और बच्चों में भी स्वस्थ खान-पान की आदत विकसित करने की अपील की. उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालयों के छात्रावासों में भी मिलावटी और अस्वास्थ्यकर खाद्य सामग्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों का स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके. उन्होंने कहा कि हर कार्य प्रेम और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए और यह ध्यान रखा जाना चाहिए कि उससे किसी अन्य व्यक्ति को असुविधा न हो. किसानों के खेतों से गुजरने वाली बिजली लाइनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने विकास कार्यों की बेहतर योजना बनाने की आवश्यकता पर बल दिया. साथ ही विश्वविद्यालयों में निर्माण कार्यों में वैज्ञानिक डिजाइन और संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया.
राज्यपाल ने प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण के लक्ष्य की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की प्रशंसा करते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों से इस जनअभियान से जुड़ने का आह्वान किया. कार्यक्रम के बाद राज्यपाल ने जन भवन परिसर में लगाए गए पौधों का अवलोकन किया तथा उद्यान में विकसित फल, सब्जी और शाकभाजी की क्यारियों का निरीक्षण कर जानकारी ली.

