लखनऊ. उत्तर प्रदेश में रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान-2026 का शुभारंभ हो गया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से अभियान की शुरुआत करते हुए प्रदेशवासियों से ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया. सरकार ने इस अभियान को जनभागीदारी का महाअभियान बनाया है, जिसमें प्रदेशभर में एक साथ पौधरोपण किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में पवित्र त्रिवेणी (नीम, पीपल और बरगद) का पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की. इस दौरान उन्होंने विकास वाटिका की स्थापना की और कार्बन क्रेडिट योजना के तहत किसानों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए. कार्यक्रम में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जोड़ते हुए ज्यादा से ज्यादा वृक्ष लगाने का संदेश दिया.
इसे भी पढ़ें : अपने गुंडों को संभालें अखिलेश, नहीं तो योगी सरकार बेहतर इलाज करना जानती है – राजभर
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि “धरती माता हमें शुद्ध वातावरण, अन्न, फल, जल और जीवन की हर आवश्यकता प्रदान करती है. ‘माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः’ अर्थात धरती हमारी माता है और हम उसके पुत्र हैं. एक पुत्र होने के नाते धरती के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना है. उन्होंने कहा कि यदि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और समृद्ध भविष्य देना है तो हर नागरिक को इस अभियान से जुड़ना होगा.
महावृक्षारोपण अभियान को प्रदेशभर में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है. अभियान शुरू होने के सुबह 8 बजे तक 11,206 स्थलों पर एक करोड़ पौधे लगाए जा चुके थे. इसके बाद रफ्तार और तेज हुई और सुबह 9 बजे तक पूरे प्रदेश में 3.5 करोड़ पौधों का रोपण पूरा कर लिया गया. अभियान की गति लगातार बढ़ती रही और सुबह 11:15 बजे तक 14 करोड़ से ज्यादा पौधे लगाए जाने की जानकारी सरकार की ओर से दी गई.
इसे भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में चंदा चोरी की जांच! कांग्रेस ने की डिमांड, ट्रस्ट और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप
योगी सरकार ने इस वर्ष 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस अभियान में केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, विभिन्न आयोगों के पदाधिकारी, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी, स्वयंसेवी संगठन, छात्र-छात्राएं, किसान और आम नागरिक बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं.

