लखनऊ. बलिया में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन और पुतला फूंकने की कोशिश के एक दिन बाद उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. राजभर ने कहा कि अपने गुंडों को संभाल लीजिए महाराज, नहीं तो यह योगी सरकार है. गुंडों का बेहतर इलाज करना इसे अच्छी तरह आता है.

रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने लिखा कि “मित्र अखिलेश यादव जी, देख रहे हैं न अपने गुंडों की करतूत. बलिया में सैकड़ों की तादाद में आपके गुंडे मेरे खिलाफ सड़क पर उतर आए. आखिर क्यों? क्योंकि मैं सच लिख रहा हूं और सच आपको पच नहीं रहा.”

इसे भी पढ़ें : UP कृषि तकनीकी सहायक भर्ती में खेला! आरक्षित वर्ग के 588 पद गायब, AAP बोली अधिकारों छीन रही सरकार

राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सोच हमेशा से गैर-यादव पिछड़े समाज के खिलाफ रही है. उन्होंने कहा कि “यही तो आप लोगों की पुरानी मानसिकता रही है. हमेशा से आप लोग गैर-यादव ओबीसी समाज के प्रति हेय दृष्टि रखते आए हैं. अब असली ओबीसी समाज जाग चुका है और आपकी राजनीति को समझ चुका है.” उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं के विरोध से वह डरने वाले नहीं हैं. “हम मुर्दाबाद के नारों और काले कपड़ों से विचलित होने वालों में से नहीं हैं. हम तो उस समाज से आते हैं जिसके खिलाफ आपके स्वजातीय लोग वर्षों से मुर्दाबाद के नारे लगाते रहे हैं. रही बात काले कपड़ों की, तो हमें काला रंग बहुत पसंद है. जितना दिखाना है, दिखाइए.”

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करने की चुनौती देते हुए कहा, “अगर दम है तो लोकतांत्रिक ढंग से लड़िए. चुनाव मैदान में आइए और अपनी ताकत दिखाइए. काला, लाल या हरा, जो भी रंग दिखाना है दिखा लीजिए, लेकिन भगवा फिर भी लहराता रहेगा.”

इसे भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में चंदा चोरी की जांच! कांग्रेस ने की डिमांड, ट्रस्ट और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप

राजभर ने आगे चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि “अगर आपके गुंडों के जवाब में जनता सड़क पर उतर आई, तो आप कहीं के नहीं रहेंगे.” उन्होंने कहा कि वह संघर्ष से निकले नेता हैं और ऐसे विरोधों से घबराने वाले नहीं हैं. “ओम प्रकाश राजभर सपाई गुंडों से डरने वाला नहीं है. हम जमीन से आए हैं और जमीन पर ही रहते हैं. संघर्ष से उपजा हूं और समाज की लड़ाई लड़ता आया हूं. ऐसे लंपटों का सामना करना मुझे अच्छी तरह आता है.” अपने बयान के अंत में राजभर ने अखिलेश यादव को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा- “अपने गुंडों को संभाल लीजिए महाराज, नहीं तो यह योगी सरकार है. गुंडों का बेहतर इलाज करना इसे अच्छी तरह आता है. असली ओबीसी समाज अब जाग चुका है, इसलिए नक्काल परेशान हैं.”