मोहम्मद करीमुल्लाह, मधुबनी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिला प्रशासन, मधुबनी की ओर से बुधवार को भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना किया।
तिरंगा यात्रा में एनसीसी, भारत स्काउट एंड गाइड, विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, जामिया इस्लामिया के छात्र, स्वास्थ्य विभाग की एएनएम, जीएनएम एवं आशा कार्यकर्ता, शिक्षक, जनप्रतिनिधि, जिले के पदाधिकारी एवं कर्मी, मेरा युवा भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सहित बड़ी संख्या में युवा एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा को लेकर बच्चों में दिखा उत्साह
तिरंगा यात्रा के दौरान स्कूली बच्चों का उत्साह, स्काउट एंड गाइड के छात्रों की ड्रम की ताल और युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था। जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता ने यात्रा को और भी भव्य एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत बना दिया। तिरंगा रथ पर बज रहे ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘वंदे मातरम्’ की धुन ने वातावरण में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल किया।
जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा के नेतृत्व में निकली यात्रा के दौरान ‘हर घर तिरंगा-घर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ सहित विभिन्न देशभक्ति नारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। इन नारों के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया।
तिरंगा यात्रा +2 बालिका उच्च विद्यालय, मधुबनी से प्रारंभ होकर थाना मोड़, रेलवे स्टेशन एवं बाटा चौक होते हुए पुनः शिवगंगा बालिका उच्च विद्यालय पहुंची। यात्रा के समापन के बाद जिला पदाधिकारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। इसके उपरांत सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया।
एक सूत्र में जोड़ता है तिरंगा- डीएम
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि, आज की तिरंगा यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि मधुबनी की सामूहिक देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्सव है। इसमें बच्चों से लेकर युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और आम नागरिकों तक सभी की भागीदारी ने यह संदेश दिया है कि तिरंगा हम सभी को एक सूत्र में जोड़ता है।
उन्होंने कहा कि, स्वतंत्रता दिवस हमें अपने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने के साथ-साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लेने का अवसर देता है। मैं जिलेवासियों से आह्वान करता हूं कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं, अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और एकजुट होकर राष्ट्र की प्रगति, स्वच्छता एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
डीएम ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
मौके पर जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने देश की एकता, अखंडता एवं आपसी सद्भावना को मजबूत करने के संदेश के साथ तीन रंगों वाले गुब्बारा गुच्छ को आकाश में उड़ाकर तिरंगा यात्रा अभियान को आगे बढ़ाया। जिला पदाधिकारी ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।
मौके पर मौजूद रहे ये लोग
इस अवसर पर अपर समाहर्ता आपदा संतोष कुमार, अपर समाहर्ता राजस्व मुकेश रंजन, अपर समाहर्ता लोक शिकायत राजेश कुमार, नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती, अनुमंडल पदाधिकारी सदर चंदन कुमार झा, अनुमंडल पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रश्मि कुमारी, परिवहन पदाधिकारी, एडीएमओ रजनीश कुमार, वरीय उप समाहर्ता सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ज्योति रानी, कला संस्कृति एवं खेल पदाधिकारी नीतीश कुमार, डीपीओ नमामि गंगे आनंद अंकित सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कर्मी एवं आमजन उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें- पैसा कमाने के लिए क्या कोई कोठे पर चला जाएगा? मांझी पर दिलीप जायसवाल का तगड़ा पलटवार


