गौतमबुद्ध नगर. ग्रेटर नोएडा में एक बार फिर लापरवाही ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली. थाना नॉलेज पार्क-2 क्षेत्र स्थित कलाधाम कॉलोनी के पास शनिवार शाम खेलते समय छह वर्षीय बच्चे की पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है.

स्थानीय लोगों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि मौके पर बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए गए होते तो यह हादसा टल सकता था.

इसे भी पढ़ें- UP Weather Today: फिर एक्टिव होगा मानसून, उमसभरी गर्मी से जल्द लोगों को मिलेगी राहत, जानिए कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

खेलते-खेलते गड्ढे में गिरा मासूम

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य सीवान यादव का छह वर्षीय बेटा अव्यान सूर्या शनिवार शाम कलाधाम कॉलोनी के पास खेल रहा था. इसी दौरान वह वहां खोदे गए गहरे और पानी से भरे गड्ढे में गिर गया. परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.

प्राधिकरण की लापरवाही पर भड़के लोग

हादसे के बाद स्थानीय निवासियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप लगाया. उनका कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढों के आसपास न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड लगाया गया था. लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर कब तक खुले गड्ढे लोगों, खासकर बच्चों की जान लेते रहेंगे.

पहले भी उठ चुके हैं सुरक्षा पर सवाल

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में लंबे समय से खुले गड्ढे पड़े हैं और कई बार सुरक्षा इंतजाम करने की मांग भी उठाई गई थी. इससे पहले सॉफ्टवेयर इंजिनियर युवराज की भी गड्ढे में गिरने से मौत हुई थी. इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी खतरनाक जगहों को तत्काल सुरक्षित किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए.

इसे भी पढ़ें- इश्क में एक और बीवी बेवफा! पत्नी ने आशिक के साथ पति को सुलाई मौत की नींद, जानिए मोहब्बत में मर्डर की दास्तां

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

गौतमबुद्ध नगर पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची. बच्चे के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के साथ-साथ प्रशासन भी पूरे मामले की जांच में जुटा है.