ग्रेटर नोएडा. ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसायटी का एक वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें डिलीवरी बॉय की एंट्री को लेकर महिला और सुरक्षा गार्डों से भिड़ गई. गार्डों ने महिला पर गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है.

डिलीवरी बॉय को गेट पर रोका

जानकारी के मुताबिक, बिसरख थाना क्षेत्र की सोसायटी में एक महिला ने सैनिटरी पैड और खाने-पीने का सामान ऑनलाइन मंगाया था. डिलीवरी बॉय सामान लेकर सोसायटी पहुंचा तो सुरक्षा गार्डों ने सोसायटी के नियमों के तहत उसकी पहचान और एंट्री का वेरिफिकेशन करने के लिए उसे रोक लिया. बताया जा रहा है कि इसी बात पर महिला नाराज हो गई और मौके पर पहुंचकर गार्डों से बहस करने लगी. कुछ ही देर में बहस तीखी नोकझोंक में बदल गई.

गार्डों ने लगाए गंभीर आरोप

सुरक्षा गार्डों का आरोप है कि महिला ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और कथित तौर पर जातिसूचक शब्द भी कहे. गार्डों ने महिला पर एक गार्ड को थप्पड़ मारने और दूसरे गार्ड को लात मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. हालांकि, इन आरोपों की पूरी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.

VIDEO में दिखी तीखी बहस

घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने विवाद का वीडियो बना लिया. वायरल वीडियो में महिला और सुरक्षा गार्डों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है. वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया. वहीं, महिला के शराब के नशे में होने का दावा भी किया जा रहा है, लेकिन पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया. पुलिस के मुताबिक, डिलीवरी बॉय को सोसायटी में प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच के लिए रोका गया था और इसी को लेकर विवाद हुआ. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.