Jaipur News: राजधानी के शिप्रापथ थाना इलाके से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे जयपुर को झकझोर कर रख दिया है। मंगलवार रात जगन्नाथपुरी सेकंड कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान मालिक की लापरवाही ने दो गरीब परिवारों के चिराग बुझा दिए। घर के बाहर खेल रही 5 साल की राधिका और 6 साल की गौसिया पास ही बने एक गहरे पानी के टैंक (हौद) में गिर गईं। जब तक परिजनों को पता चला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

खेलते-खेलते मौत के मुंह में समा गईं मासूम
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ। जगन्नाथपुरी सेकंड में एक मकान का काम चल रहा है, जिसका मालिक भरतपुर का बताया जा रहा है। यहां पिछले 10 दिनों से काम बंद था, लेकिन मकान मालिक ने 8 फीट गहरा टैंक पानी से लबालब भरकर खुला छोड़ दिया था। राधिका और गौसिया पास ही खेल रही थीं। सीसीटीवी फुटेज में भी दोनों बच्चियां हौद के किनारे बेफिक्र खेलती नजर आ रही हैं, उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह उनकी जिंदगी के आखिरी लम्हे हैं।
मजदूर माता-पिता पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे का शिकार हुई बच्चियों के माता-पिता की कहानी सुनकर मौके पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। राधिका के पिता दिव्यांग हैं, जो ट्राईसाइकिल पर मोबाइल कवर बेचकर घर चलाते हैं। वहीं गौसिया के पिता पेंटर का काम करते हैं। ये परिवार यूपी और बिहार से यहां सिर्फ इसलिए आए थे ताकि मेहनत-मजदूरी कर अपनी बेटियों का भविष्य संवार सकें। शाम को जब बच्चियां काफी देर तक नहीं दिखीं, तो मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। काफी तलाश के बाद जब निर्माणाधीन मकान के खुले टैंक में देखा गया, तो दोनों की बेजान देह पानी के ऊपर तैर रही थी।
शिप्रापथ पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही शिप्रापथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भारी भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर जयपुरिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। आज सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
पढ़ें ये खबरें
- वर्दी में लापरवाही की हदें पार! नशे में धुत मिले ASI और आरक्षक, लावारिस पड़ी थी राइफल, वीडियो हुआ वायरल
- टाइगर श्रॉफ हमला मामले में बड़ी खबर : तीन आरोपी कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार, दिल्ली आ रही ट्रेन में थे सवार
- यूपी में नवमी पर मंदिरों में उमड़ी भीड़, CM योगी ने 9 कन्याओं के पैर धोकर लिया आशीर्वाद
- राखीगढ़ी महोत्सव आज से शुरू, 7 दिन तक दिखेगी 5000 साल पुरानी हड़प्पा सभ्यता की झलक
- जमीन से निकला मौत का सामान : नक्सली डंप से टिफिन IED समेत कई विस्फोटक बरामद, CRPF ने किया डिफ्यूज
