धनबाद। झारखंड के धनबाद में भू-धंसान का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कतरास थाना क्षेत्र के बीसीसीएल एरिया-3 अंतर्गत छाताबाद ग्राउंड के समीप एक बार फिर जमीन धंसने की घटना सामने आई है। अचानक तेज आवाज के साथ जमीन धंसने लगी, जिसके बाद खूशबू मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। घबराए लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

करीब एक दर्जन घर भू-धंसान की चपेट में

बताया जा रहा है कि भू-धंसान की चपेट में करीब एक दर्जन घर, एक सामुदायिक भवन और पीसीसी सड़क आ गई है। कई स्थानों पर जमीन दो से तीन फीट तक नीचे धंस गई है। घटना के बाद इलाके में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है।

जरूरी सामान लेकर घर छोड़ रहे लोग

जमीन धंसने के बाद प्रभावित परिवार अपने घरों से जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने में जुट गए हैं। अचानक हुई इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी है। लोगों का कहना है कि छाताबाद में लगातार भू-धंसान की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

पहले भी दो बार हो चुका है भू-धंसान

स्थानीय लोगों के मुताबिक, छाताबाद में यह लगातार तीसरी भू-धंसान की घटना है। इससे पहले 7 जुलाई और 7 अगस्त को भी यहां जमीन धंसी थी। दोनों घटनाओं में दर्जनों मकान जमींदोज हो गए थे।

पिछली घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों ने घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर स्थित सामुदायिक भवन में शरण ली थी। अब भू-धंसान की चपेट में वही सामुदायिक भवन भी आ गया है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र को घेरा

घटना की जानकारी मिलते ही बाघमारा सीओ गिरजानंद किस्कू और कतरास थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर भू-धंसान वाले क्षेत्र को चारों ओर से फीता लगाकर घेर दिया है। लोगों को प्रभावित हिस्से से दूर रहने की हिदायत दी गई है। प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।